हाजीपुर: मीनापुर राई में छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा इलाका
तिरंगा यात्रा के दौरान शिक्षक व अन्य | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर के मीनापुर राई में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली. देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान के साथ, यह यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकता का संदेश लेकर गुजरी.
Hajipur News : हाजीपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मीनापुर राई के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की.
वंदे मातरम् के नारों से गूंजा इलाका
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर अस्तिपुर, मीनापुर राई, बाकरपुर, मदारपुर सहित आसपास के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी. इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘घर-घर तिरंगा’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों से पूरे इलाके को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया. यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया.
राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने की अपील की.
एकता, अखंडता व गौरव की रक्षा का संकल्प लिया
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान हुआ. इसके बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया. मौके पर साधना कुमारी, सबिता कुमारी, नीलम कुमारी, संजय कुमार, अविनाश कुमार, सोनी यादव, सोनल सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











