हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एडीसी की मौत, दरभंगा सिविल कोर्ट में थे तैनात

GRP पुलिस परिजन से जानकारी लेते हुए
हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, दरभंगा सिविल कोर्ट के अपर डिविजन क्लर्क विनय कुमार की बरौनी-पटना पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है.
Hajipur News: हाजीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गुरुवार को बरौनी-पटना पैसेंजर ट्रेन पर चढ़ने के दौरान एक यात्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान दरभंगा सिविल कोर्ट में कार्यरत अपर डिविजन क्लर्क (एडीसी) विनय कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था.
ट्रेन की चपेट में आने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के उमरपुर निवासी स्वर्गीय तेज बहादुर राय के 46 वर्षीय पुत्र विनय कुमार दरभंगा सिविल कोर्ट में पिछले करीब 13 वर्षों से अपर डिविजन क्लर्क के पद पर कार्यरत थे. गुरुवार को वह हाजीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बरौनी-पटना पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
आरपीएफ और जीआरपी ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने घायल विनय कुमार को तत्काल सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया. हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान की गई और घटना की सूचना परिजनों को दी गई.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया. बताया जाता है कि विनय कुमार दरभंगा सिविल कोर्ट से काम खत्म कर पटना लौट रहे थे.
दो पुत्रों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के अनुसार विनय कुमार दो भाइयों में छोटे थे और उनके दो पुत्र हैं. उनकी असामयिक मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है.
क्या कहती है जीआरपी
जीआरपी की एएसआई शालिनी गुप्ता ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक व्यक्ति गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई थी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










