hajipur news. शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए बना मास्ट प्लान अब तक लागू नहीं, अप्रूवल का इंतजार

Updated:
विज्ञापन
hajipur news. शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए बना मास्ट प्लान अब तक लागू नहीं, अप्रूवल का इंतजार

जहां-तहां ऑटो व इ-रिक्शा खड़ा करने से शहर में लग रहा जाम, चालकों की मनमानी से चौक-चाैराहे बन गये ऑटो व इ-रिक्शा स्टैंड

विज्ञापन

हाजीपुर. पुलिस प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है. शहर के रामाशीष चौक से लेकर त्रिमूर्ति चौक तक, गांधी चौक से कचहरी रोड, राजेंद्र चौक से गुदरी रोड तथा सिनेमा रोड में ऑटो एवं इ-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण विभिन्न चौक-चौराहे ऑटो एवं इ-रिक्शा स्टैंड बन कर रह गये हैं. विभिन्न चौक चौराहों पर सवारी उतारने एवं बैठाने को लेकर ऑटो एवं इ-रिक्शा चालक अपनी मनमानी कर मार्ग को अवरुद्ध कर देते है. इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी के साथ ही जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. दुकान के सामने ऑटो एवं इ-रिक्शा लगा देने से बिक्री भी प्रभावित हो रही है.

इसके साथ ही शाम ढलते ही प्रतिदिन हाइ-वे से लेकर गांधी सेतु तक जाम लगने का सिलसिला जारी है. शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों को हटाने के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. एसपी के निर्देश पर शहर के चौक चौराहों से पुलिस बल को हटाने के बाद गांधी चौक, त्रिमूर्ति चौक, समाहरणालय द्वार, अनवरपुर चौक, स्टेशन चौक, सुभाष चौक, राजेंद्र चौक तथा पासवान चौक पर ऑटो एवं इ-रिक्शा चालकों का कब्जा हो गया है. दिन भर में कई बार स्थानीय थानों की पुलिस का दौरा रहने के बाद भी गांधी चौक पर ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक गाड़ी खड़ी कर सवारी के आने का इंतजार करते रहते हैं. इससे दुकानदारों की बिक्री प्रभावित होने के साथ ही मरीज लेकर सदर अस्पताल आने वाली एंबुलेंस को भी जाम में फंस कर इंतजार करना पड़ता है.

शहर को जाम मुक्त रखने के लिए शहर को पांच सेक्टर में बांटने का बना था प्लान

मालूम हो कि एक सप्ताह पूर्व एसपी ने ट्रैफिक थाना का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा कर शहर को जाम मुक्त रखने के लिए पांच सेक्टर में बांटने का निर्देश दिया था. एसपी ने सभी सेक्टर में एक पदाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल को तैनात करने का निर्देश ट्रैफिक डीएसपी तथा थानाध्यक्ष को दिया था. एक सप्ताह बीतने के बाद भी बनाया गया प्लान न तो शहर में कहीं दिख रहा है और न ही लोगों को जाम से मुक्ति मिल रही है. ट्रैफिक थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारी के निर्देश पर मास्टर प्लान बनकर तैयार है. सभी सेक्टरों के लिए पदाधिकारी की सूची तैयार का पुलिस कार्यालय भेजा गया है. अप्रूवल मिलने के बाद सभी को तैनात कर दिया जाएगा.

त्रिमूर्ति चौक के पास ही बना है ऑटो स्टैंड

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि शहर के त्रिमूर्ति चौक के पास ही ऑटो स्टैंड बना है, इसके बाद भी चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर देते है. ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी के कारण बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग भी जहां मर्जी, वहीं वाहन खड़ी कर देते है. इससे जगह-जगह जाम लगने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. शहर से पुलिस के हटने के बाद स्ट्रीट वेंडरों के भी हौसले बुलंद हो गये है. चौक चौराहों के सड़कों पर प्रतिदिन स्ट्रीट वेंडरों का ठेला व दुकान लगना शुरू हो गया है. नगर परिषद प्रशासन हाथ पर हाथ धरकर बैठी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shashi Kant Kumar

लेखक के बारे में

By Shashi Kant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन