वैशाली: प्रेमी के दरवाजे पर परिजन समेत पहुंची गर्लफ्रेंड, शादी के बाद प्रेमिका को छोड़कर फरार हुआ युवक

प्रेमी के घर पहुंचे प्रेमिका के परिजन और लोगों की भीड़
दो साल के प्रेम प्रसंग का अनोखा अंत हुआ जब युवक प्रेमिका से मिलने पहुंचा और ग्रामीणों ने उसकी शादी करा दी. लेकिन शादी के कुछ घंटों बाद ही युवक प्रेमिका को छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद युवती युवक के घर पहुंच गई, जहां से पूरा परिवार ही गायब हो गया.
Hajipur love affair: कटहरा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी एक युवक को मुजफ्फरपुर जिले में अपनी प्रेमिका से मिलने जाना महंगा पड़ गया. परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर गुरुवार की रात शादी करा दी. हालांकि शादी के कुछ ही घंटों बाद शुक्रवार की अहले सुबह युवक मौका पाकर फरार हो गया. इसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ युवक के घर पहुंच गई, जहां से युवक और उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार हो गए. शनिवार की देर शाम तक युवती युवक के घर के बाहर डटी रही, जिससे मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
दो वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मिली जानकारी के अनुसार चैनपुर गांव निवासी कुमोद राम के पुत्र चंदन कुमार का मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली एक युवती से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. गुरुवार की रात चंदन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने मुजफ्फरपुर पहुंचा था. इसी दौरान युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी शादी करा दी.
शादी के बाद मौका मिलते ही हुआ फरार
बताया जाता है कि शुक्रवार की अहले सुबह चंदन कुमार मौका पाकर युवती को छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ चैनपुर गांव स्थित उसके घर पहुंची. इस दौरान युवक के परिजनों के साथ युवती की नोंक-झोंक होने की भी बात सामने आई है. बाद में युवक और उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार हो गए.
दहेज जैसी मांग की चर्चा, पुलिस को नहीं दी गई सूचना
ग्रामीणों के बीच इस बात की चर्चा है कि युवक के परिजनों ने पांच लाख रुपये और एक अपाचे बाइक मिलने पर ही युवती को घर में रखने की बात कही है. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर किसी पक्ष ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
मामले की सूचना कटहरा थाना पुलिस को नहीं दी गई है. स्थानीय अबाबकरपुर पंचायत के सरपंच प्रभु राम ने बताया कि चंदन कुमार के परिजन घर से फरार हैं और उनका मोबाइल भी बंद है. उनसे संपर्क स्थापित होते ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










