वैशाली: महनार में जर्जर एनएच बना हादसों का कारण, गड्ढों में पलट रहे टोटो
महनार बाजार में पटेल चौक से पूरब जर्जर सड़क और गड्ढे में पलटा टोटो को उठाते लोग . | Prabhat Khabar Network
वैशाली के महनार में NH की बदहाल स्थिति ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण ई-रिक्शा (टोटो) पलट रहे हैं, जिससे यात्री घायल हो रहे हैं. बारिश में जलजमाव से स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है.
Vaishali News: वैशाली जिले के महनार–मोहिउद्दीननगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महनार बाजार स्थित पटेल चौक से पूरब बालिका उच्च विद्यालय के समीप तक सड़क की बदहाल स्थिति आम लोगों के लिए भारी परेशानी का सबब बन गई है. सड़क पर बने जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण आए दिन ई-रिक्शा (टोटो) और अन्य छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं.
इसके अलावा महनार बाजार में पोस्ट ऑफिस और अस्पताल के समीप भी सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है.
यात्री हो रहे घायल, जलजमाव से बढ़ी आफत
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने बड़े गड्ढों में संतुलन बिगड़ने से टोटो पलट जाते हैं, जिससे उसमें सवार यात्री चोटिल हो रहे हैं. कई लोग अब तक मामूली रूप से घायल भी हो चुके हैं. इसके बावजूद विभागीय स्तर पर सड़क की मरम्मत या गड्ढों को भरने की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
नागरिकों का कहना है कि यह महनार बाजार का मुख्य और अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहाँ से दिनभर हजारों छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों की आवाजाही होती है. बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है.
स्थानीय लोगों ने की अविलंब मरम्मत की मांग
सड़क की दयनीय स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिक इन्द्रजीत राय, रवि राज सोनी, गणेश सिंह, राजकुमार राय, नितिन अग्रवाल, पप्पू वर्णवाल, अशोक मालाकार, मुकेश सोनी, अर्जुन सिंह, संजीव सिन्हा, जागो सिंह, छोटू लाला, धर्मेन्द्र सिंह, मुन्ना राय, पप्पू मिश्र, रामसोगारथ सिंह एवं श्यामबाबू साह ने नाराजगी व्यक्त की है.
इन सभी ने संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरकर आवागमन सुरक्षित बनाने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










