हाजीपुर सती स्थान मंदिर के पास रास्ते के विवाद में हंगामा, अधिकारी और पुलिस बल मौके पर तैनात

Updated:
विज्ञापन

मौके पर स्थानीय लोगों कि भीड़ | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर के चंद्रालय गांव में सती स्थान मंदिर के पास रास्ते को लेकर दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. जमीन की पैमाइश के बाद स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है.

विज्ञापन

Vaishali News: हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के चंद्रालय गांव में प्राचीन सती स्थान मंदिर के पास रास्ते के विवाद को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे, लेकिन दोनों पक्ष अधिकारियों की मौजूदगी में ही आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की होने लगी. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) और कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है.

विज्ञापन

ग्रामीणों का आरोप: मंदिर हटाकर रास्ता बनाने का प्रयास

घटना के संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रालय गांव स्थित सती स्थान से पूरे इलाके के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी है. ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के ठीक पीछे रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा अपने घर के आवागमन के लिए धार्मिक स्थल को खंडित करने की नीयत से विवाद खड़ा किया जा रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उक्त व्यक्ति की सुविधा के लिए मंदिर के बगल से ही वैकल्पिक रास्ता दे दिया है, फिर भी विवाद किया जा रहा है.

दूसरे पक्ष का दावा: 200 लोगों की आबादी के लिए सुगम रास्ता जरूरी

वहीं दूसरे पक्ष के प्रतिनिधि चंदन कुमार ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र एक दलित बस्ती है, जहाँ लगभग दो सौ लोगों की घनी आबादी निवास करती है. इतनी बड़ी आबादी को अपने घरों तक आने-जाने के लिए सुगम रास्ता मिलना उनका बुनियादी अधिकार है.

उनका दावा है कि विवादित भूमि मंदिर की सरकारी जमीन है और वे मंदिर को थोड़ा व्यवस्थित कर उसमें से रास्ता देने की मांग कर रहे हैं.

पैमाइश के बाद निकाला जाएगा स्थायी समाधान: SDM

घटना के बाद चंद्रालय गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाली के प्रयास में लगा है.

मामले पर सदर एसडीएम रामबाबू बैठा ने बताया कि विवाद जमीन और रास्ते को लेकर है, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया है. निष्पक्ष जांच के लिए अंचल अधिकारी (CO) के माध्यम से जमीन की पैमाइश कराई जाएगी, जिसके बाद कानूनी प्रावधानों के तहत स्थायी समाधान निकाला जाएगा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन