वैशाली: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, साक्ष्य छुपाने के लिए शव गायब करने की आशंका

Updated:
विज्ञापन

वैशाली से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की कथित तौर पर हत्या कर शव गायब कर दिया गया। मायके पक्ष ने पति और ससुर पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन

Vaishali News: वैशाली में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छपरा जिले के मढ़ौरा निवासी मायके पक्ष ने अपनी बेटी की हत्या कर शव को गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में मृतका के भाई ने वैशाली थाने में पति और ससुर समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

7 मई 2026 को हुई थी शादी, लगातार किया जा रहा था प्रताड़ित

प्राथमिकी के अनुसार, मढ़ौरा थाना क्षेत्र के खरौनी गांव निवासी मिथिलेश कुमार मांझी ने अपनी बहन प्रियंका कुमारी की शादी 7 मई 2026 को वैशाली थाना क्षेत्र के खेदनपुरा गांव निवासी अभय कुमार (पिता: विश्वनाथ पासवान) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से कराई थी.

आरोप है कि विवाह के समय से ही ससुराल पक्ष द्वारा एक अपाचे मोटरसाइकिल और 3 लाख रुपये नकद दहेज की मांग की जा रही थी. सामाजिक स्तर पर समझाने-बुझाने के बाद शादी तो हो गई, लेकिन इसके बाद भी प्रियंका को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा और उसके साथ मारपीट की जाती थी.

रात में फोन पर दी मौत की सूचना, मौके पर नहीं मिला शव

मृतका के भाई ने बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 10:14 बजे प्रियंका के पति अभय कुमार ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी बहन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मृत्यु हो गई.

सूचना मिलते ही जब मायके वाले आनन-फानन में वैशाली स्थित खेदनपुरा गांव पहुंचे, तो वहां प्रियंका का शव गायब था और घर के लोग भी नदारद थे. परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने षड्यंत्र के तहत हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव का गुप्त रूप से अंतिम संस्कार कर दिया या उसे कहीं फेंककर गायब कर दिया है.

पति और ससुर समेत कई नामजद, पुलिस जांच में जुटी

मृतका के भाई के आवेदन पर वैशाली थाने में पति अभय कुमार, ससुर विश्वनाथ पासवान सहित परिवार के अन्य सदस्यों व रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मायके वालों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

मामले के संबंध में वैशाली थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच व आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन