वैशाली के पातेपुर में 24 सितंबर को रोजगार मेला, 18-20 निजी कंपनियों में नौकरी का मौका
हाजीपुर
जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने के लिए एक दिवसीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जा रहा है. यह मेला 24 सितंबर को पातेपुर में होगा, जिसमें 18-20 निजी कंपनियां शामिल होंगी.
Job Fair: जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और निजी क्षेत्र में नौकरी की संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला नियोजनालय की ओर से एक दिवसीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जा रहा है.
यह रोजगार मेला 24 सितंबर, गुरुवार को पातेपुर स्थित श्री रामचन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होगा. मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी इसमें शामिल होकर विभिन्न निजी कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए आवेदन और चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे.
18-20 निजी कंपनियों के शामिल होने की संभावना
रोजगार मेले में करीब 18 से 20 निजी क्षेत्र के नियोजकों के शामिल होने की संभावना है. निर्माण, ई-कॉमर्स, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, कम्युनिकेशन, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग और एनर्जी सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे.
मेले में एलएंडटी, जेप्टो, एलीट फूड प्राइवेट लिमिटेड और क्वेस कॉर्प के माध्यम से टाटा मोटर्स, टीवीएस, डेल्फी व अशोक लीलैंड जैसी कंपनियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे. इसके अलावा टीमलीज के माध्यम से एयरटेल, एडेको के माध्यम से टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, वर्धमान टेक्सटाइल, केकेपी फाइन लिनन प्राइवेट लिमिटेड, एनटीटीएफ के माध्यम से इंडो एमआईएम, विजन इंडिया के माध्यम से श्नाइडर इलेक्ट्रिक, रीशव ऑटोमोबाइल, नवभारत फर्टिलाइजर्स, एयरटेल पेमेंट बैंक और फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी सहित अन्य नियोजकों के भाग लेने की जानकारी दी गयी है.
रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क
रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है. इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में निबंधन कराना आवश्यक है.
अभ्यर्थियों को अपने साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति लानी होगी.
नियोजन की शर्तों के लिए कंपनियां होंगी जिम्मेदार
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले सभी नियोजक निजी क्षेत्र के हैं. नियोजन की शर्तों और सेवा से संबंधित विषयों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे.
जिला नियोजनालय की भूमिका अभ्यर्थियों और नियोजकों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी.
युवाओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
जिला नियोजनालय की ओर से जिले के सभी रोजगार इच्छुक युवाओं से अपील की गयी है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं.
अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, वैशाली के संपर्क नंबर 06224-467006 पर संपर्क किया जा सकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए