वैशाली में प्रेम-प्रसंग में दोस्त की हत्या: शराब पिलाकर घोंटा गला, ई-रिक्शा से बाइस माइल चौक पर फेंका शव; 3 गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस व जुटी भीड़.
हाजीपुर में एक खौफनाक हत्या का पर्दाफाश हुआ है, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते दोस्त की जान ले ली गई. शराब पिलाकर गला घोंटने के बाद शव को ई-रिक्शा से फेंक दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
हाजीपुर. वैशाली जिले के हरलोचनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाइस माइल चौक पर बीते दिनों मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केओटा गांव निवासी गंगा दास के 46 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है. रविवार को हरलोचनपुर थाने पहुंचे परिजनों ने सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव की शिनाख्त की, जिसके बाद पुलिस ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है.
पत्नी से प्रेम-प्रसंग की भनक लगते ही रची हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि मृतक संजय कुमार मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की स्थित एक पेपर मिल में काम करता था. वहीं पर उसकी जान-पहचान चकफैज निवासी मुनीलाल से हुई. इसी दौरान संजय का मुनीलाल की पत्नी के साथ संपर्क बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया. जब इसकी भनक मुनीलाल को लगी, तो उसने संजय को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. योजना के तहत शुक्रवार को मुनीलाल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संजय को बहला-फुसलाकर खाजेचांद छपरा ले गया, जहां सभी ने मिलकर शराब पी.
गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, मोबाइल लेकर हुआ फरार
शराब पिलाने के बाद मुनीलाल नशे की हालत में संजय को चकफैज गांव निवासी विंदेश्वर राय उर्फ गन्नू राय के घर ले आया. वहां मौका पाकर मुनीलाल ने बेरहमी से गला दबाकर संजय की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह साक्ष्य छिपाने की नीयत से मृतक का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया.
फंसने के डर से गृहस्वामी ने ई-रिक्शा से फेंका शव
देर रात जब मकान मालिक विंदेश्वर राय ने संजय को जमीन पर अचेत पड़ा देखा, तो उसने उसे जगाने की कोशिश की. शरीर में कोई हरकत न देखकर उसने एक ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया, जिसने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया. घर में शव देख गृहस्वामी के होश उड़ गए. कानूनी पचड़े और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उसने आनन-फानन में अपने एक संबंधी को बुलाया. दोनों ने मिलकर रात करीब दो बजे शव को ई-रिक्शा पर लादा और बाइस माइल चौक पर फेंककर फरार हो गए. शनिवार सुबह शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई थी.
मोबाइल डंप डाटा से 12 घंटे में खुला राज
घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी. महुआ एसडीपीओ पुलस्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास का मोबाइल डंप डाटा खंगाला. तकनीकी विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से शव ठिकाने लगाने वालों की लोकेशन ट्रेस हुई, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर गृहस्वामी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में तीनों ने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया.
"बाइस माइल चौक से बरामद शव की पहचान दलसिंहसराय निवासी संजय कुमार के रूप में कर ली गई है. शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है. मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है, जल्द ही पूरे मामले का विधिवत उद्भेदन किया जाएगा." — पुलस्त कुमार, एसडीपीओ, महुआ
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए