हरियाणा में सिलेंडर विस्फोट में घायल हाजीपुर के 23 वर्षीय युवक की मौत, इलाज के दौरान गई जान

Updated:
विज्ञापन

रोते बिलखते गमगीन परिजन

Haryana Cylinder Explosion : हरियाणा के रेवाड़ी में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट में वैशाली के युवक की मौत, मनोरा गांव में पसरा मातम। जानें पूरी खबर.

विज्ञापन

Haryana Cylinder Explosion : हरियाणा के रेवाड़ी जिले में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट ने वैशाली जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं. हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मनोरा गांव निवासी 23 वर्षीय अभय कुमार की पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई. मंगलवार को शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

इलाज के दौरान गई जान

हाजीपुर के पटेढ़ी बेलसर प्रखंड अंतर्गत मनोरा गांव निवासी 23 वर्षीय अभय कुमार की हरियाणा के रेवाड़ी जिले में हुए सिलेंडर विस्फोट में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब उसका शव पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान हुआ था विस्फोट

जानकारी के अनुसार, अभय कुमार हरियाणा के ओमनगर स्थित एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था और गांव के ही युवक विनय कुमार के साथ किराये के कमरे में रहता था. 29 जुलाई की शाम कमरे के पास एक परचून दुकान पर बड़े घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में कथित रूप से अवैध गैस रिफिलिंग की जा रही थी. इसी दौरान जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें गैस भरने वाले व्यक्ति समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए.

कई दिनों तक चला इलाज, आखिर हार गया जिंदगी की जंग

हादसे में अभय कुमार सबसे अधिक झुलस गया था. उसे तत्काल पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चला. चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद रविवार की शाम उसकी मौत हो गई. कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को उसका शव गांव लाया गया.

एक अन्य युवक का इलाज अब भी जारी

इस हादसे में मनोरा गांव के ही राजेंद्र सिंह के पुत्र विनय कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनका इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है. परिवार लगातार उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा है.

परिवार का इकलौता सहारा था अभय

अभय कुमार परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. वह दो भाइयों में बड़ा था और मजदूरी कर अपने छोटे भाई की पढ़ाई का खर्च उठाता था. उसके पिता मनोज सिंह भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार पर गहरा दुख टूट पड़ा है.

पीड़ित परिवार के लिए सहायता की मांग

ग्रामीणों ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके.

Also Read : वैशाली में 5 अगस्त को लगेगा सहयोग शिविर, 23 स्थानों पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं, देंखें लिस्ट


विज्ञापन
Vinay Patedhi

लेखक के बारे में

By Vinay Patedhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन