हाजीपुर : चेहल्लुम को लेकर वैशाली प्रशासन अलर्ट, 192 स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस

Updated:
विज्ञापन

एसपी और अन्य पुलिसअधिकारी

Chehlum Security Arrangements : हाजीपुर में चेहल्लुम पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जिले के 192 संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है.

विज्ञापन

Chehlum Security Arrangements : हाजीपुर में चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएम वर्षा सिंह और एसपी शुभांक मिश्रा के संयुक्त निर्देशन में व्यापक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं.

192 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस की तैनाती

जिला प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों, इमामबाड़ों, ताजिया जुलूस मार्गों, चौक-चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों सहित जिले के कुल 192 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. सभी अधिकारियों को निर्धारित अवधि तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी करने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय

पर्व के दौरान समन्वय और त्वरित सूचना के आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06224-260220 जारी किया गया है. सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने क्षेत्र की स्थिति से नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारियों को नियमित रूप से अवगत कराने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल देने का निर्देश दिया गया है.

जुलूस मार्गों और संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है. जुलूस मार्गों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है.

डीएम ने दिए जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश

डीएम वर्षा सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बिना सक्षम अनुमति के अपना प्रतिनियुक्ति स्थल नहीं छोड़ें. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सामाजिक समरसता कायम रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं और आम नागरिकों के सहयोग से चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा.

Also Read : हाजीपुर फायरिंग कांड में 6 गिरफ्तार, मादक पदार्थ के पैसे के विवाद का खुलासा


विज्ञापन
कैफ अहमद

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन