वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद

वैशाली एसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए | Prabhat Khabar Network
Hajipur News: हाजीपुर के काजीपुर थाना क्षेत्र में बिहार STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो बदमाश गिरफ्तार किए गए. पुलिस ने देसी कारबाइन, कट्टा, मैग्जीन और मोबाइल बरामद किए हैं. आरोपी पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और NDPS समेत 16 मामले दर्ज हैं.
Hajipur News: वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र में बिहार एसटीएफ और काजीपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एक कुख्यात अपराधी समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देसी कारबाइन, एक देसी कट्टा, एक मैग्जीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
एसटीएफ और काजीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चांदी निवासी राकेश कुमार तथा करताहां थाना क्षेत्र के पातेपुर निवासी राजकपूर साह के रूप में हुई है. राजकपूर साह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है, जबकि राकेश कुमार के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
एसपी ने बताया कि बिहार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दौलतपुर चांदी गांव में कुछ लोगों ने अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं और उनमें से एक व्यक्ति गांव के दुर्गा मंदिर के पास मौजूद है. सूचना मिलते ही एसटीएफ और काजीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान राजकपूर साह के रूप में हुई.
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार राजकपूर साह से पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि एक देसी कारबाइन और देसी कट्टा ईंटों के ढेर के नीचे छिपाकर रखा गया है. उसने इस कार्य में राकेश कुमार की संलिप्तता की भी जानकारी दी.
इसके बाद पुलिस ने राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया और दोनों की निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिए.
ईंटों के ढेर से बरामद हुए हथियार
राजकपूर साह पर दर्ज हैं 16 संगीन मामले
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार कुख्यात अपराधी राजकपूर साह के खिलाफ वैशाली और मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
उसके विरुद्ध दर्ज प्रमुख मामले इस प्रकार हैं.
सदर थाना : लूट, हत्या, डकैती व आर्म्स एक्ट के 5 मामले. महुआ थाना : लूट, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले. सराय थाना : आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले. करताहां थाना : लूट व आर्म्स एक्ट का 1 मामला. लालगंज थाना : 1 मामला. वैशाली थाना : आर्म्स एक्ट का 1 मामला. बिहार एसटीएफ : आर्म्स एक्ट का 1 मामला. मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना : लूट का 1 मामला.
अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read: बांकीपुर से अभिषेक कुमार होंगे BJP उम्मीदवार, पार्टी ने किया ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










