हाजीपुर: बाढ़ के पानी में करंट से युवक की मौत, हंगामा; JE बोले- ‘बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़ा था
सड़क जाम करते लोग | Prabhat Khabar Network
चांदपुरा में बिजली के खंभे में करंट आने से युवक की मौत हो गई. मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.
Hajipur News : हाजीपुर के देसरी के चांदपुरा थाना क्षेत्र के आजमपुर पंचायत के खड़गपुर गांव में सोमवार को बिजली के खंभे के पास बाढ़ के पानी में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को हाजीपुर-महनार मार्ग स्थित बिलट चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की.
आपके शहर में
मृतक की पहचान खड़गपुर गांव निवासी रामबाबू ठाकुर के 30 वर्षीय पुत्र गुलशन ठाकुर के रूप में हुई है. गुलशन ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था.
पशु लाने गया था, पानी में करंट की चपेट में आया
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार दोपहर गुलशन धाव के दूसरी तरफ से पशु लाने गया था. इसी दौरान बिजली पोल के पास पानी में करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया.
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में महनार सीएचसी ले गये. वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर चांदपुरा थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया.
शव रखकर सड़क जाम, अधिकारियों को बुलाने की मांग
पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बिलट चौक के पास हाजीपुर-महनार मार्ग पर रखकर जाम कर दिया. लोग बिजली विभाग और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे.
ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल इस इलाके में बाढ़ का पानी जमा होता है. इसके बावजूद लंबे समय से जर्जर तार और पोल के सहारे बिजली की आपूर्ति की जा रही है. लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. ग्रामीणों ने मौके का निरीक्षण कर जर्जर तार और पोल को दुरुस्त कराने की मांग की.
जेई बोले- बिना शटडाउन पोल पर तार जोड़ने गया था युवक
ग्रामीणों ने बताया कि खड़गपुर गांव के वार्ड संख्या 12 में जर्जर बिजली तार और पोल को दुरुस्त कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के जेई से शिकायत की गयी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
हालांकि बिजली विभाग के जेई अनिल कुमार ने ग्रामीणों के आरोप से अलग जानकारी दी. उन्होंने कहा कि युवक ने विभाग को सूचना दिये बिना और शटडाउन लिये बगैर पोल पर चढ़कर काली पूजा के मौके पर बाजा बजाने के लिए तार जोड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया. जेई ने पोल में करंट प्रवाहित होने की बात से इनकार किया है.
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
सड़क जाम की सूचना मिलने पर चांदपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया. प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार, जिला परिषद सदस्य मोहित पासवान, मुखिया सुचीता कुमारी, पंकज कुमार, अंजनी कुमार, कांग्रेस नेता विजय राय, रंजन ठाकुर समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की.

आवेदन पर कार्रवाई होगी, जाम हटवा दिया गया
चांदपुरा थानाध्यक्ष शालिनी कुमारी ने बताया कि खड़गपुर गांव में बिजली करंट से युवक की मौत की सूचना मिली थी. घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया था. लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवा दिया गया है. परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए