Hajipur News: सहयोग शिविर में हंगामे के दो दिन बाद प्रशासन एक्शन में

Hajipur News: सहयोग शिविर में हंगामे के दो दिन बाद डीएम के निर्देश पर महादलित बस्ती पहुंची अधिकारियों की टीम, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी
Hajipur News: (राहुल कुमार राय) हाजीपुर के काजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदी धनुषी पंचायत के रविदास टोला में सहयोग शिविर के दौरान सड़क निर्माण की मांग को लेकर हुए हंगामे के दो दिन बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया. जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर गुरुवार को अधिकारियों की विशेष टीम महादलित बस्ती पहुंची और ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.
सहयोग शिविर में उठा था सड़क का मुद्दा
बताया गया कि मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने रविदास टोला की सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया था। ग्रामीणों का आरोप था कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सड़क नहीं बन सकी है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसी मुद्दे को लेकर शिविर में लोगों ने नाराजगी जताई थी और हंगामे की स्थिति बन गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया.
डीएम के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने गुरुवार को एक विशेष प्रशासनिक टीम गठित कर मौके पर भेजा. टीम में एडीएम संजय कुमार, सदर एसडीओ रामबाबू बैठा, सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार, हाजीपुर सीओ अंजलि कुमारी समेत कई अधिकारी शामिल थे. अधिकारियों की टीम चांदी धनुषी स्थित महादलित बस्ती पहुंची, जहां करीब एक से दो घंटे तक ग्रामीणों के साथ बैठक की गई.
ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के अलावा अन्य बुनियादी समस्याओं की भी जानकारी अधिकारियों को दी. अधिकारियों ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित जानकारी एकत्र की. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके बाद समस्या के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की पहल से ग्रामीणों में जगी उम्मीद
जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सहयोग शिविर में मामला उठने और वीडियो वायरल होने के महज दो दिन के भीतर प्रशासनिक टीम का गांव पहुंचना सकारात्मक कदम है. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब उनकी वर्षों पुरानी सड़क समस्या का जल्द समाधान होगा और महादलित बस्ती के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी.
Also Read: सड़क किनारे खड़ी डायल 112 गाड़ी में बाइक सवार युवक ने मारी टक्कर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










