ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

Hajipur News: ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत,पत्नी की तलाश में गया था ससुराल, शाम में मिली मौत की खबर परिजन में मचा कोहराम
(लालगंज से सुशील कुमार सिंह की रिपोर्ट)
Hajipur News: वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के गुरमिया गांव में ससुराल पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है. मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पत्नी की खोज में पहुंचा था गुरमिया गांव
मृतक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय मिथलेश कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार मिथलेश सोमवार दोपहर बाद अपनी पत्नी सोनी की तलाश में ससुराल गुरमिया गांव पहुंचा था. शाम होते-होते उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली, जिससे घर में कोहराम मच गया.
12 वर्ष पूर्व हुई थी शादी, तीन बच्चों का है पिता
मृतक की मां मुन्नी देवी और बहन ने बताया कि लगभग 12 वर्ष पूर्व मिथलेश की शादी गुरमिया गांव निवासी सत्यनारायण पासवान की पुत्री से हुई थी. दंपति के तीन बच्चे हैं. मिथलेश बेंगलुरु में निजी कंपनी में काम करता था और वहीं पत्नी व बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था.
परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों और पति को छोड़कर कहीं चली गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका. इसके बाद मिथलेश बच्चों को अपने घर छोड़कर पत्नी की तलाश में ससुराल पहुंचा था.
परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
मृतक की मां मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल पहुंचने पर मिथलेश के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे जहर खिलाकर मार दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही वह और उनकी पुत्री गुरमिया गांव पहुंचे तथा पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए ससुराल पक्ष के लोग
घटना की जानकारी मिलते ही करताहा थाना पुलिस और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. मृतक की मां द्वारा ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: वैशाली में विशेष समकालीन अभियान में 95 गिरफ्तारी, पुलिस ने वारंट और कुर्की मामलों का किया निष्पादन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










