हाजीपुर में अतिक्रमण और जलजमाव से बदहाल 400 फीट की लिंक रोड, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

Hajipur News: पटेढ़ी बेलसर के बीबीपुर गांव में 400 फीट लंबी लिंक सड़क अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर पुनर्निर्माण कराने की मांग की है.
Hajipur News: (विनय पटेल) हाजीपुर के पटेढ़ी बेलसर प्रखंड क्षेत्र के मौना-सरैया मुख्य मार्ग से बीबीपुर गांव होते हुए नगवा रोड को जोड़ने वाली करीब 400 फीट लंबी लिंक सड़क अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण और मिट्टी भराई के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे वर्षभर पानी जमा रहता है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
अतिक्रमण से संकरी हुई सड़क, जल निकासी पूरी तरह ठप
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क से रमेश सिंह के घर के रास्ते नगवा रोड तक जाने वाली इस लिंक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर मिट्टी भर दी गई है. इससे सड़क संकरी हो गई है और बारिश का पानी निकलने का रास्ता बंद हो गया है. नतीजतन सड़क पर हमेशा जलजमाव की स्थिति बनी रहती है.
मुख्यमंत्री को भेजा गया आवेदन
ग्रामीण रमेश प्रसाद सिंह ने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजा है. आवेदन की प्रतिलिपि तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त और वैशाली के जिला पदाधिकारी को भी भेजी गई है. उन्होंने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है.

स्कूली बच्चों को रोज झेलनी पड़ रही परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर सीबीएसई से मान्यता प्राप्त एक निजी विद्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं आते-जाते हैं. सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण बच्चों के जूते, मोजे और यूनिफॉर्म गंदे हो जाते हैं, जिससे अभिभावकों में नाराजगी है.
मापी कार्य में भी आई बाधा
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में सड़क की मापी के लिए सरकारी अमीन पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कार्य पूरा नहीं करने दिया गया. इसके चलते सड़क का पक्कीकरण भी अधूरा रह गया और आधा हिस्सा विकास कार्यों से वंचित रह गया.
ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और जलजमाव के कारण अब इस मार्ग से आवागमन करना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, जल निकासी की व्यवस्था बहाल करने और पूरे मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में मानसून की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बिहार में आज के बाद गर्मी से मिलेगी राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










