वैशाली: देसरी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग, रेल मंत्री से जनप्रतिनिधियों ने की पहल

Author Manohar kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
देसरी के प्रसिद्ध बिशहर मंदिर, देसरी रेलवे स्टेशन भवन | Prabhat Khabar Network

देसरी के प्रसिद्ध बिशहर मंदिर

Desri Railway Station: वैशाली के देसरी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री से प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की अपील की है.

विज्ञापन

Desri Railway Station: पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल अंतर्गत हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर स्थित देसरी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री से इस स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है. देसरी रेलवे स्टेशन को रेल प्रशासन द्वारा ग्रेड-बी का दर्जा दिया जा चुका है. यहां से प्रतिदिन औसतन एक हजार यात्री यात्रा करते हैं. रेलवे को साधारण टिकट से प्रतिदिन लगभग 50 हजार रुपये तथा आरक्षण टिकट से करीब एक लाख रुपये की आमदनी होती है.

कई प्रमुख ट्रेनों का नहीं है ठहराव

इसके बावजूद हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड से गुजरने वाली गाड़ी संख्या 15715/15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस, 13205/13206 जनहित एक्सप्रेस, 15279/15280 पूर्विया एक्सप्रेस, 15621/15622 आनंद विहार-कामाख्या एक्सप्रेस, 19305/19306 कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस, 22351/22352 सहरसा-बेंगलुरु एक्सप्रेस, 11402/11403 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, 13137/13138 आजमगढ़-कोलकाता एक्सप्रेस तथा 16601/16602 इरोड अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव देसरी रेलवे स्टेशन पर नहीं है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाजीपुर जंक्शन से देसरी की दूरी मात्र 20 किलोमीटर है, इसके बावजूद यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

आसपास के पांच प्रखंडों के यात्रियों को होगा लाभ

देसरी रेलवे स्टेशन से जंदाहा, महुआ, बिदुपुर, राजापाकर और सहदेई बुजुर्ग प्रखंड क्षेत्र के हजारों लोग रेल यात्रा करते हैं. ट्रेनों के ठहराव से इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी से राहत मिलेगी.

धार्मिक और पर्यटन महत्व का भी है क्षेत्र

स्थानीय लोगों ने बताया कि देसरी क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है. यहां स्थित प्रसिद्ध बिशहर स्थान पर प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. जनप्रतिनिधियों का कहना है कि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होने से क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को भी गति मिलेगी.

रेल मंत्री से की गई ठहराव सुनिश्चित करने की मांग

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव हरिहर पासवान, प्रमुख आनंद कुमार, मुखिया पूनम कुमारी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष बलिंद्र सिंह, पूर्व प्रमुख डीपी यादव, पूर्व मुखिया दिलीप सिंह तथा समाजसेवी गुड्डू सिंह सहित कई लोगों ने रेल मंत्री से देसरी रेलवे स्टेशन पर उक्त ट्रेनों के ठहराव की मांग की है. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल मंत्रालय को इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए.


विज्ञापन
Manohar Kumar

लेखक के बारे में

By Manohar Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन