आरा में हर्ष फायरिंग में दूल्हे को लगी गोली, तीन घायल, तिलक समारोह के दौरान हुआ हादसा

Updated at : 28 Apr 2022 5:13 PM (IST)
विज्ञापन
आरा में हर्ष फायरिंग में दूल्हे को लगी गोली, तीन घायल, तिलक समारोह के दौरान हुआ हादसा

बिहार में एक और हर्ष फायरिंग की घटना सामने आयी है. आरा में एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गये. घायल होनेवालों में दूल्हा भी शामिल है. आरा के टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ले में मंगलवार की देर रात एक तिलक समारोह में नाच के दौरान कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग की.

विज्ञापन

आरा. बिहार में एक और हर्ष फायरिंग की घटना सामने आयी है. आरा में एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गये. घायल होनेवालों में दूल्हा भी शामिल है. आरा के टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ले में मंगलवार की देर रात एक तिलक समारोह में नाच के दौरान कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग की. इस घटना में एक गोली दूल्हा को जा लगी. दूल्हे को गोली लगने के साथ ही उसके भांजा समेत तीन लोग और गोली लगने से घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में लाया गया. वहां सभी का इलाज चल रहा है.

किसी के हाथ तो किसी के जांघ में लगी गोली

जानकारी के अनुसार घायलों में टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ला निवासी गौरी शंकर यादव का 18 वर्षीय पुत्र रवि शंकर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी ध्रुव यादव का 18 वर्षीय पुत्र और दूल्हे का रिश्तेदार लल्लू कुमार एवं कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी सरोज यादव का 12 वर्षीय पुत्र व दूल्हे का भांजा करण कुमार शामिल है. इसमें दूल्हा गौरी शंकर को दाहिने हाथ में गोली लगी है. जख्मी दूल्हे के रिश्तेदार लल्लू कुमार को बाएं हाथ में गोली लगी है. उसके बाएं पंजरे में भी गोली लगी है. वहीं दूल्हे के भांजे करण कुमार को सिर में कई जगहों पर छर्रा लगा है.

शादी अगले माह की 2 तारीख को है

इधर, हादसे के संबंध में खुद दूल्हा रवि शंकर ने बताया कि उसकी शादी अगले माह की 2 तारीख को है. मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रत्नदुलारपुर गांव से उसका तिलक आया था. वहां तिलक के दौरान घर के ही बगल में नाच भी हो रहा था एवं सभी लोग तिलक समारोह में नाच देख रहे थे. इसी बीच, कुछ युवक वहां आ धमके और फायरिंग शुरू कर दी. जिसमें उसे, उसके रिश्तेदारों को गोली व छर्रा लग गया और तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये.

सभी घायल खतरे से बाहर

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष अपने दल-बल के साथ बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली. इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी. वहीं इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि एक छोटा बच्चा समेत तीन लोग छर्रा लगने से जख्मी हालत में यहां आये हैं. तीनों का इलाज कर दिया गया है. सभी खतरे से बाहर हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन