gopalganj news : नौ डिग्री कॉलेजों में नामांकन में देरी से छात्रों की बढ़ी बेचैनी, रोज काट रहे चक्कर
Published by :SHAILESH KUMAR
Published at :04 May 2026 9:03 PM (IST)
विज्ञापन

gopalganj news : जेपीयू से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक नामांकन की तिथि का इंतजार, छात्रों में असमंजस, स्पष्ट सूचना नहीं मिलने से दूर-दराज से आने वाले छात्र परेशान, समय व पैसा दोनों खर्च
विज्ञापन
gopalganj news : गोपालगंज. जयप्रकाश विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के नौ डिग्री कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-2030 चार वर्षीय सीबीसीएस आधारित पाठ्यक्रम में नामांकन को लेकर छात्र-छात्राओं की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है. नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने और तिथि की घोषणा में हो रही देरी के कारण छात्र-छात्राएं प्रतिदिन कॉलेजों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं.
कोई नोटिस बोर्ड पर नजर लगाए है, तो कोई कॉलेज कार्यालय में जाकर जानकारी लेने की कोशिश कर रहा है. लेकिन अब तक स्पष्ट सूचना नहीं मिलने से स्थिति असमंजसपूर्ण बनी हुई है. जिले के इन नौ डिग्री कॉलेजों में हर साल बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नामांकन लेते हैं. शहर से लेकर प्रखंड स्तर तक के कॉलेजों में इस बार भी नामांकन को लेकर उत्साह है, लेकिन प्रक्रिया में देरी ने छात्रों की चिंता बढ़ा दी है. सुबह होते ही कॉलेज परिसरों में छात्रों की भीड़ जुटने लगती है. हर किसी को यही उम्मीद रहती है कि आज नामांकन को लेकर कोई नई सूचना मिले, लेकिन अधिकतर छात्रों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है.स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
नामांकन की जानकारी लेने आये छात्रों का कहना है कि तिथि और प्रक्रिया को लेकर कॉलेजों की ओर से कोई ठोस जानकारी नहीं दी जा रही है. कहीं कहा जा रहा है कि विश्वविद्यालय से आदेश नहीं आया है, तो कहीं बताया जा रहा है कि जल्द मेरिट लिस्ट जारी होगी. इस तरह की अलग-अलग बातों से छात्र और अधिक उलझन में पड़ गये हैं. कई छात्र बताते हैं कि वे पिछले कई दिनों से लगातार कॉलेज आ रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ इंतजार करने की बात कही जाती है. दूर-दराज के गांवों से आने वाले छात्रों की परेशानी और बढ़ गयी है. उन्हें रोजाना आने-जाने में समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ रहे हैं. अभिभावक भी बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं.सत्र लेट होने की चिंता
इंटरमीडिएट पास कर चुके छात्र अब स्नातक में नामांकन लेकर आगे की पढ़ाई शुरू करना चाहते हैं, लेकिन प्रक्रिया में देरी बड़ी समस्या बनती जा रही है. छात्रों का कहना है कि अगर जल्द नामांकन नहीं हुआ, तो शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो सकता है. पढ़ाई शुरू होने में देरी होगी और परीक्षा कार्यक्रम भी आगे बढ़ सकता है. कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं, लेकिन नामांकन नहीं होने से मानसिक असमंजस में हैं.विश्वविद्यालय के निर्देश का इंतजार
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह जयप्रकाश विश्वविद्यालय के निर्देश पर निर्भर है. जैसे ही ऑनलाइन आवेदन, मेरिट लिस्ट और नामांकन की तिथि जारी होगी, कॉलेजों में नामांकन शुरू कर दिया जायेगा. कॉलेजों ने माना कि छात्रों की परेशानी समझ में आती है, लेकिन बिना आधिकारिक निर्देश कोई कदम नहीं उठाया जा सकता. छात्रों और अभिभावकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नामांकन से जुड़ी सभी जानकारी सार्वजनिक की जाये, ताकि छात्र समय पर अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें. फिलहाल स्थिति यह है कि छात्र रोज कॉलेजों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










