गोपालगंज/बैकुंठपुर: 24 अगस्त को सजेगा सिंहासनी महोत्सव, जुटेंगे कई दिग्गज नेता और कलाकार
तैयारियों की समीक्षा करते शिक्षा मंत्री
बिहार के बैकुंठपुर में 24 अगस्त को आयोजित होने वाले सिंहासनी महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं. इस भव्य आयोजन में प्रदेश के कई मंत्री और मशहूर कलाकार शामिल होंगे, जो इसे आस्था और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण प्रतीक बनाएंगे.
Singhasani Mahotsav: सिंहासनी में 24 अगस्त को आयोजित होने वाले भव्य सिंहासनी महोत्सव की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में महोत्सव को भव्य, ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
आपके शहर में
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले महोत्सव में प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी तथा राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को जिला प्रशासन की ओर से आमंत्रित किया गया है. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी ने कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति दी है. उनके साथ अन्य विधायक, विधान पार्षद एवं अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
मनोज तिवारी और अनुपमा यादव देंगे प्रस्तुति
सिंहासनी महोत्सव में सुपरस्टार मनोज तिवारी, अनुपमा यादव सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. कलाकारों की प्रस्तुति को लेकर भी कार्यक्रम स्थल पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है.
आस्था और संस्कृति का प्रतीक है सिंहासनी : मिथिलेश तिवारी
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सिंहासनी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है. यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सिंहासनी महोत्सव के माध्यम से समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है.
श्रद्धालुओं की सुविधाओं में नहीं होगी कमी
मंत्री ने कहा कि सिंहासनी के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कहा कि सिंहासनी को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास है, जिस पर बैकुंठपुर ही नहीं, बल्कि पूरा बिहार गर्व करे.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा एवं कार्यक्रम स्थल की अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि महोत्सव भव्य होने के साथ पूरी तरह सुव्यवस्थित और जनसुविधाओं के अनुरूप होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
