पुणे में लापता युवक के मामले में भोरे पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआइआर, जांच पुणे ट्रांसफर

Updated:
विज्ञापन

संदिग्ध परिस्थितियों में पुणे से लापता हुए 28 वर्षीय युवक संदीप कुमार सिंह के मामले में भोरे पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की है. पहली बार जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को आगे की जांच के लिए पुणे पुलिस को भेज दिया गया है. परिजनों को युवक की सकुशल बरामदगी की उम्मीद है.

विज्ञापन

Gopalganj News: पुणे में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए रामपुर भगत निवासी 28 वर्षीय संदीप कुमार सिंह के मामले में भोरे पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है. घटना दूसरे राज्य महाराष्ट्र में होने के बावजूद पीड़ित पिता की गुहार पर भोरे थाने में पहली बार जीरो एफआइआर दर्ज की गयी है. एफआइआर दर्ज करने के बाद भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए पुणे के तलेगांव दाभाड़े पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित कर दिया है.

दो महीने से लापता है युवक, अनहोनी की आशंका

रामपुर गांव निवासी संदीप कुमार सिंह पुणे के गुंडी बाड़ी क्षेत्र में रहकर इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे. पीड़ित पिता रामाशीष भगत के अनुसार, बीते 17 मई की शाम करीब चार बजे संदीप अपने कमरे से निकले थे. उन्हें उसी दिन तलेगांव रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मुंबई जाना था. हालांकि, इसके बाद न तो संदीप मुंबई पहुंचे और न ही वापस अपने कमरे पर लौटे.

परिजनों के अनुसार, उसी दिन से संदीप का मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है. रिश्तेदारों और स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन के बाद भी जब संदीप का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जतायी है. परिजनों ने युवक को बंधक बनाये जाने की आशंका भी व्यक्त करते हुए पुलिस से उसकी तलाश कराने की गुहार लगायी.

जीरो एफआइआर से परिजनों को मिली राहत

घटना स्थल पुणे में होने के कारण मामले की जांच का क्षेत्राधिकार महाराष्ट्र पुलिस के पास है. ऐसे में परिजनों को दूसरे राज्य में जाकर शिकायत दर्ज कराने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था. इसी को देखते हुए भोरे पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर जीरो एफआइआर दर्ज की.

एफआइआर दर्ज करने के बाद भोरे पुलिस ने मामले को संबंधित पुणे पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित कर दिया है. अब तलेगांव दाभाड़े पुलिस इस एफआइआर के आधार पर आगे की जांच करेगी और लापता युवक की तलाश शुरू करेगी.

परिजनों ने सकुशल बरामदगी की मांग की

संदीप के करीब दो महीने से लापता होने के कारण परिजन काफी चिंतित हैं. परिवार ने प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए संदीप कुमार सिंह को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है. परिजनों को उम्मीद है कि पुणे पुलिस की जांच के बाद युवक के लापता होने की गुत्थी जल्द सुलझेगी.

Also Read: बिहार के 18 शहरों के लिए चलाई जायेंगी बसें, पटना से किशनगंज तक पहुंचना होगा बेहद आसान, जानिए प्लानिंग


विज्ञापन
सुरेश राय

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन