गोपालगंज: जेपीयू सेमेस्टर-3 परीक्षा अंतिम चरण में, 5 अगस्त को आखिरी पेपर, फिर शुरू होगा मूल्यांकन
परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देते परीक्षार्थी
गोपालगंज में जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक तृतीय सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं अपने अंतिम चरण में पहुँच गई हैं. 5 अगस्त को अंतिम पेपर के साथ परीक्षाएँ समाप्त हो जाएँगी, जिसके बाद मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होगी.
गोपालगंज:जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक सत्र 2024-28 के तृतीय सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षा अंतिम चरण में पहुंच गई है. सोमवार को जिले के तीनों परीक्षा केंद्रों पर स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (एसईसी) पेपर-3 की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. अब 5 अगस्त को मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स (एमडीसी) पेपर-3 की परीक्षा के साथ सेमेस्टर-3 की थ्योरी परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी. इसके बाद विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई परीक्षा
सोमवार को परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच की गई. केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. किसी भी परीक्षा केंद्र से कदाचार, अव्यवस्था या परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं मिली.
दोनों पालियों में रही बेहतर उपस्थिति
कमला राय महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में 773 में से 767 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 6 अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में 1224 में से 1212 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 12 अनुपस्थित रहे.
महेंद्र महिला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में 828 में से 825 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 3 अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में 877 में से 870 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.
हथुआ स्थित गोपेश्वर महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर भी दोनों पालियों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
5 अगस्त को अंतिम पेपर, फिर शुरू होगा मूल्यांकन
विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को दोनों पालियों में एमडीसी पेपर-3 की परीक्षा आयोजित होगी. इसके साथ ही स्नातक तृतीय सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी. इसके बाद जेपीयू के निर्देशानुसार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू किया जाएगा, ताकि समय पर परीक्षा परिणाम प्रकाशित किया जा सके.
विद्यार्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र साथ रखने तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










