Gopalganj News : गांव-गांव जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा महिला संवाद रथ

Published by : GURUDUTT NATH Updated At : 18 Apr 2025 8:34 PM

विज्ञापन

Gopalganj News : महिला संवाद रथ ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में जाकर बिहार सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देगा.

विज्ञापन

गोपालगंज. महिला संवाद रथ ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में जाकर बिहार सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देगा. शुक्रवार को डीएम प्रशांत कुमार सीएच ने हरी झंडी दिखाकर इन रथों को रवाना किया. इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना से महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसमें डीएम के अलावा डीडीसी कुमार निशांत विवेक एवं अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी गण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे.

महिलाओं को दिये जा रहे लाभ का लिया जायेगा फीडबैक

डीएम ने बताया कि रथ विभिन्न प्रखंडों में जाकर सरकार की ओर से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा. योजनाओं से महिलाओं को कितना लाभ हो रहा है, इसका फीडबैक भी लिया जायेगा. दो महीने तक महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, इसके लिए जगह का चयन कर लिया गया है. आयोजन प्रत्येक दिन दो पाली में पूर्वाह्न 9:00 बजे से 11:00 बजे और अपराह्न 4:00 बजे से 6:00 तक किया जायेगा. इसमें सभी महिलाएं भाग लेंगी. इसमें विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के लिए एलइडी स्क्रीन युक्त जागरूकता वाहन के माध्यम से फिल्मों की प्रदर्शनी भी की जायेगी.

इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिले के 14 प्रखंड के 1661 ग्राम संगठन में 14 महिला संवाद प्रचार वाहन विभिन्न योजनाओं के बैनर से सुसज्जित कर प्रत्येक गांव-पंचायत में जायेगा. 59 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम का सीधा लाभ जिले की जनता को मिलेगा. इस कार्यक्रम के तहत सतत जीवकोपार्जन योजना मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, बिहार ग्रामीण जीवकोपार्जन प्रोत्साहन समिति, जीविका नशा मुक्ति अभियान, मुख्यमंत्री बालिका इंटरमीडिएट प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना समेत अन्य योजनाओं के बारे में बताया जायेगा. सरकार की ओर से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सामाजिक पुनर्वास कोष, सबला कार्यक्रम, रक्षा गृह, आदर्श दंपती योजना, अल्पसंख्यक मुस्लिम परित्यक्ता/ तलाकशुदा सहायता योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, हुनर एवं औजार कार्यक्रम, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, शौचालय निर्माण घर का सम्मान, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के माध्यम से आज महिलाओं को लाभ पहुंचाया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GURUDUTT NATH

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन