Gopalganj News : श्रीपुर में अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार व्यवसायी को रौंदा, मौत, कोहराम

फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-हथुआ शाखा नहर पुल के समीप बुधवार की शाम एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार व्यवसायी को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण सड़क हादसे में गिट्टी-बालू के थोक व्यवसायी वरुण कुमार राय उर्फ भीम राय की मौत हो गयी.
फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-हथुआ शाखा नहर पुल के समीप बुधवार की शाम एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार व्यवसायी को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण सड़क हादसे में गिट्टी-बालू के थोक व्यवसायी वरुण कुमार राय उर्फ भीम राय की मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गपही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया.
नेवता करने निकले थे घर से, रास्ते में गयी जान
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गपही गांव निवासी स्व. जितेंद्र राय के पुत्र वरुण कुमार राय उर्फ भीम राय बुधवार की शाम किसी शुभ कार्य में नेवता करने की बात कहकर अपनी स्कूटी से घर से निकले थे. प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों ने बताया कि रामपुर-हथुआ शाखा नहर पुल के पास उन्हें खून से लतपथ सड़क किनारे पड़ा देखा गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना श्रीपुर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही श्रीपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यवसायी को आनन-फानन में फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके उपरांत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया.
व्यवसायी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
भीम राय की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, चीख-पुकार मच गयी. बड़े भाई वितंडी राय और छोटे भाई कृष्णा राय का रो-रोकर बुरा हाल है. सबसे हृदयविदारक दृश्य तब देखने को मिला, जब मृतक की पत्नी निशा राय अपने दो मासूम बेटों, कार्तिक और छोटू को गोद में लिए बदहवास होकर गिर पड़ीं. अपने पति की असमय मृत्यु के सदमे से वह बार-बार बेहोश हो रही थीं. वहां मौजूद हर शख्स की आंखें इस दृश्य को देख नम हो गयीं. भीम राय क्षेत्र में गिट्टी-बालू के एक प्रतिष्ठित थोक व्यवसायी थे. उन्हें उनके मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाना जाता था. वहहं श्रीपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. यह प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर संभावित बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










