Gopalganj News : तमकुही गोलीकांड : बहन की शादी के 10 दिन बाद उठी भाई की अर्थी, प्रेम विवाद में दो परिवार तबाह
Published by : GURUDUTT NATH Updated At : 14 May 2026 10:04 PM
उचकागांव. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात ने जिले के उचकागांव प्रखंड के धर्मचक गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है.
उचकागांव. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात ने जिले के उचकागांव प्रखंड के धर्मचक गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है. प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के बीच एक युवक ने कथित रूप से अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी थी और फिर खुद को भी गोली मार ली थी. इस घटना में दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गयीं.
घर में था खुशी का माहौल
मृत युवक धर्मचक गांव निवासी रघुनाथ पंडित का छोटा पुत्र जितेंद्र प्रजापति है. बताया जाता है कि जितेंद्र विदेश में काम करता था और अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए करीब दस दिन पहले गांव लौटा था. पांच मई को बहन की शादी संपन्न हुई थी और घर में खुशी का माहौल था. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद उसी घर में मातम छा जायेगा.
साली से प्रेम संबंध को लेकर बढ़ा विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार जितेंद्र का अपनी साली नैना प्रजापति के साथ प्रेम संबंध था. बताया जाता है कि वह उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन ससुराल पक्ष इसका लगातार विरोध कर रहा था. बहन की शादी में भी उसने नैना को बुलाने की कोशिश की थी, लेकिन ससुराल वालों ने मना कर दिया था. मंगलवार को जितेंद्र घर से बैंक जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह सीधे कुशीनगर के बसडिला बुजुर्ग गांव स्थित अपने ससुराल पहुंच गया. वहां उसने नैना को साथ ले जाने की जिद की, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया.
कमरे में चलीं गोलियों से दोनों की हुई मौत
ससुराल पक्ष के अनुसार बुधवार सुबह विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने अपने पास रखी अवैध देसी पिस्तौल निकाल ली और कमरे के अंदर नैना पर गोली चला दी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. इसके तुरंत बाद जितेंद्र ने खुद को भी गोली मार ली. फायरिंग की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलने पर तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से दोनों शव बरामद किये.
धर्मचक गांव में शव पहुंचते ही फूट पड़ा दर्द
गुरुवार को जैसे ही जितेंद्र का शव धर्मचक गांव पहुंचा, पूरे गांव में चीख-पुकार मच गयी. मां जोनिहिया देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं और रोते हुए कह रही थीं कि बेटा बैंक जाने की बात कहकर निकला था. पिता रघुनाथ पंडित भी जवान बेटे का शव देखकर बदहवास हो गये. गांव की महिलाएं परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटी रहीं. इधर, तमकुहीराज पुलिस ने उचकागांव पुलिस के सहयोग से जितेंद्र की पत्नी बेबी प्रजापति को सुरक्षा में लेकर उसके मायके पहुंचा दिया. पुलिस को आशंका थी कि घटना के बाद कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










