Gopalganj News : मनिंद्र मिश्र की तलाश में यूपी से गुजरात तक एसटीएफ की दबिश, नहीं मिला कोई सुराग

Updated:
विज्ञापन
Gopalganj News : मनिंद्र मिश्र की तलाश में यूपी से गुजरात तक एसटीएफ की दबिश, नहीं मिला कोई सुराग

भोरे. लाला छापर स्थित दीपक ज्वेलर्स में हुई खूनी लूट और हत्याकांड के मास्टरमाइंड मनिंद्र मिश्रा उर्फ बड़का भैया की गिरफ्तारी पुलिस और एसटीएफ के लिए साख का सवाल बन गयी है.

विज्ञापन

भोरे. लालाछापर स्थित दीपक ज्वेलर्स में हुई खूनी लूट और हत्याकांड के मास्टरमाइंड मनिंद्र मिश्रा उर्फ बड़का भैया की गिरफ्तारी पुलिस और एसटीएफ के लिए साख का सवाल बन गयी है. गुरुवार को बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बाराबंकी और राजधानी लखनऊ के कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. वहीं, एसटीएफ का एक विंग गुजरात में डेरा डाले हुए है, जहां होटल दर्शन से जुड़ी कड़ियों को जोड़कर मनिंदर के करीबियों पर शिकंजा कसा जा रहा है. पुलिस तफ्तीश अब अपराधियों के उस स्थानीय सपोर्ट सिस्टम पर केंद्रित हो गयी है, जिसने वारदात को अंजाम देने में अहम भूमिका निभायी. गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे ट्रेन से भटनी जंक्शन पर उतरे थे. पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली यह है कि स्टेशन से बाहर निकलते ही उन्हें बोलेरो किसने मुहैया कराई? इतना ही नहीं, अपराधी भिंगारी बाजार पहुंचे, जहां उन्हें दो बाइकें (अपाचे और स्प्लेंडर) तैयार मिलीं. पुलिस अब इन बाइकों के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिये उनके मालिकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या ये बाइकें लूटी गई थीं या किसी लाइनर ने स्वेच्छा से अपराधियों को सौंपी थीं? बाइक मालिकों की पहचान होते ही उन चेहरों से नकाब हट जायेगा, जिन्होंने पेशेवर लुटेरों को संसाधन उपलब्ध कराये.

मनिंद्र मिश्र का ट्रेंड सामने आने पर पुलिस बेचैन

मनिंद्र मिश्रा का अपराध करने का ट्रेंड सामने आने के बाद पुलिस के अधिकारी बेचैन हो उठे है. वह किशोरों और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं का ब्रेनवाश कर करोड़पति बनने का सपना दिखाकर अपराध के दलदल में धकेलता था. लाला छापर कांड में भी उसने युवाओं को महज एक घंटे के काम के बदले 10-10 लाख रुपये देने का लालच दिया था. मजदूरी और अभाव की जिंदगी जी रहे इन युवाओं के हाथों में मनिंद्र ने पिस्टल थमा दी, जिसका नतीजा एक निर्दोष की मौत और दो अपराधियों के अंत के रूप में सामने आया. अपने करीबी गोलू की मौत के बाद मनिंद्र मिश्र भी भयभीत हो उठा है.

एसटीएफ की इंट्री से गैंग में हड़कंप

मनिंद्र मिश्रा, जो कभी मुन्ना मिश्रा का शूटर था और गोपालगंज की प्रसिद्ध मिठाई दुकान पर बमबारी कर सुर्खियों में आया था. अब एसटीएफ के सीधे रडार पर है. पुलिस का मानना है कि मनिंदर का नेटवर्क कई राज्यों में फैला है, जिसे ध्वस्त करना जरूरी है. हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और गिरफ्तार अपराधियों के बयान के आधार पर दबिश दी जा रही है. फरार लुटेरों और मनिंद्र की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी गयी है.

लालाछापर बाजार का माहौल छह दिनों के बाद हुआ सामान्य, बढ़ी चहल-पहल

यूपी के सीमावर्ती भोरे के लालाछापर बाजार में ज्वेलरी दुकान से लूटकांड के छह दिनों बाद स्थिति सामान्य हो सका. गुरुवार की सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बाजार में बढ़ गयी. बाजार में चहल- पहल को देख दुकानदारों के चेहरे पर रौनक लौट आयी. हालांकि जिस दुकान दीपक ज्वेलर्स में लूट की घटना हुआ उसमें ताला लटका हुआ है. बाजार में पुलिस कैंप पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है. संदिग्ध के मिलते ही दबोच लेने का आदेश है. बाजार के व्यवसायी व सरपंच केशव चंद्र सिंह ने बताया कि घटना से लोगों में दहशत का माहौल था. अब इससे लोग धीरे-धीरे उबर रहे हैं. लुटेरों ने जिस प्रकार से वारदात को अंजाम दिया. ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया उससे पूरा इलाका थर्रा उठा था. पुलिस के अधिकारियों की लगातार यहां कार्रवाई, गश्ती व निगरानी कर लोगों के भीतर के डर को खत्म किया. वहीं दुकानदार धनंजय सिंह ने कहा कि लोगों ने पुलिस के भरोसे अपने कारोबार को फिर से रफ्तार दी है.

विज्ञापन
Gurudutt Nath

लेखक के बारे में

By Gurudutt Nath

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन