Gopalganj News : स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन अवैध अस्पताल होंगे सील, मचा हड़कंप

निरीक्षण करती टीम
Gopalganj News : तीन अवैध अस्पतालों पर गिरी गाज, स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
Gopalganj News (सुरेश राय) : बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर भोरे इलाके में फर्जी और अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है. स्वास्थ्य विभाग की विशेष जांच टीम ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर आठ अस्पतालों की जांच की. इस दौरान बिना किसी वैध कागजात के संचालित हो रहे तीन अस्पतालों को अवैध पाते हुए उन्हें तत्काल सील करने का आदेश जारी कर दिया गया है. इस कार्रवाई से इलाके के फर्जी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है.
इन इलाकों में की गई सघन जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेफरल अस्पताल भोरे के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिशु कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम ने भोरे प्रखंड के अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण किया. जांच टीम ने महरादेउर, भोरे मुख्य बाजार, काली मोड़, हुस्सेपुर और खजुरहां समेत कई जगहों पर संचालित हो रहे कुल आठ अस्पतालों और क्लीनिकों के कागजातों और वहां मिल रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की.
तीन अस्पताल पाए गए अवैध, सील करने का आदेश
जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई क्लीनिक बिना किसी मानक और वैध निबंधन (रजिस्ट्रेशन) के धड़ल्ले से चल रहे थे. इनमें से तीन अस्पतालों के संचालक टीम के समक्ष कोई भी वैध दस्तावेज या डॉक्टरी प्रमाण पत्र पेश नहीं कर सके. अवैध पाए गए संस्थान दिव्या क्लीनिक, मां कलावती गठिया साइटिका लकवा आयुर्वेद हेल्थ सेंटर, सुप्रिया हेल्थ केयर सेंटर हैं.
अधिकारियों का बयान
“जांच के दौरान इन तीनों क्लीनिकों के पास कोई भी वैध कागजात नहीं मिले हैं. मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले इन संस्थानों को सील करने का आदेश जारी कर दिया गया है. स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जल्द ही इन्हें पूरी तरह सील करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.”
फर्जी डॉक्टरों में मचा हड़कंप
स्वास्थ्य विभाग की इस औचक कार्रवाई से भोरे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब चलाने वाले कथित डॉक्टरों और झोलाछाप वैद्यों में हड़कंप मच गया है. कई संचालक अपनी दुकानें और क्लीनिक बंद कर फरार हो गए हैं. विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध चिकित्सा व्यवसाय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : Gopalganj News : भोरे में सनसनी, बाइक सवार बदमाशों पर कार का पीछा कर फायरिंग का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By युवराज रतन
पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.
प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










