गोपालगंज में बिना बच्चों के ही पालनाघर के नाम पर हो रहा था भुगतान, जांच में उजागर हुई गड़बड़ियां

Updated:
विज्ञापन
गोपालगंज में बिना बच्चों के ही पालनाघर के नाम पर हो रहा था भुगतान, जांच में उजागर हुई गड़बड़ियां

सांकेतिक तस्वीर

Gopalganj News: डीएम की बड़ी कार्रवाई, एजेंसी का कार्यादेश भी रद्द, विभाग में मचा हड़कंप

विज्ञापन

(गोपालगंज से संजय कुमार अभय की रिपोर्ट)

Gopalganj News: महिला एवं बाल विकास निगम के तहत संचालित योजनाओं में बड़ी अनियमितता उजागर होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. महिला हेल्पलाइन-सह-वन स्टॉप सेंटर की परियोजना प्रबंधक नाजिया मुमताज एवं जिला मिशन समन्वयक सुबोधकांत सिंह को तत्काल प्रभाव से सेवा मुक्त कर दिया गया है. वहीं संबंधित एजेंसी का कार्यादेश भी रद्द कर दिया गया है.

फर्जी बिल के आधार पर बढ़ाई गई भुगतान की फाइल

जानकारी के अनुसार जिले में संचालित पालनाघर (क्रेच) योजना में गंभीर अनियमितताओं एवं संभावित वित्तीय घोटाले की शिकायत सामने आने के बाद डीएम पवन कुमार सिन्हा ने मामले की जांच कराई. जांच में पाया गया कि फर्जी बिलों के आधार पर भुगतान के लिए फाइल आगे बढ़ाई गई थी. मामले को गंभीर मानते हुए डीएम ने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा था.

जांच में खुली पोल, एक भी बच्चा नहीं था पंजीकृत

जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस पालनाघर के संचालन पर सरकारी राशि खर्च की जा रही थी, वहां एक भी बच्चा पंजीकृत नहीं था. इसके बावजूद केयर वर्कर और सहायक केयर वर्कर की नियुक्ति, मानदेय भुगतान एवं संचालन संबंधी प्रक्रियाएं कागजों पर संचालित होती रहीं.

स्पष्टीकरण मिला भ्रामक, संविदा समाप्त

डीएम ने बताया कि पालनाघर संचालन संबंधी मार्गदर्शिका की शर्तों का पालन नहीं किया गया. संबंधित अधिकारियों द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण भी भ्रामक पाया गया. सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए महिला हेल्पलाइन-सह-वन स्टॉप सेंटर की परियोजना प्रबंधक नाजिया मुमताज तथा जिला मिशन समन्वयक सुबोधकांत सिंह की संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई.

एजेंसी का कार्यादेश भी रद्द

मामले में कार्रवाई करते हुए श्रम बल प्रदाता एजेंसी प्रनेजा एनवायरो केयर एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को जारी कार्यादेश भी रद्द कर दिया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है.

अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति

डीएम पवन कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषियों के विरुद्ध नियमों के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : गोपालगंज के नौ प्रखंडों में शुरू होगी डिग्री कॉलेजों की पढ़ाई

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन