Gopalganj News : आंधी व पानी में 20 से अधिक बिजली पोल गिरे, 12 ट्रांसफाॅर्मर जले, ठनका से किशोर की मौत

Updated at : 06 May 2025 9:58 PM (IST)
विज्ञापन
Gopalganj News  : आंधी व पानी में 20 से अधिक बिजली पोल गिरे, 12 ट्रांसफाॅर्मर जले, ठनका से किशोर की मौत

Gopalganj News : सोमवार की रात अचानक आये आंधी-पानी और वज्रपात ने जिलेभर में भारी तबाही मचायी. करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा और मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. वज्रपात की चपेट में आकर बलिवन रायमल गांव में एक किशोर की मौत हो गयी, जिससे गांव में शोक की लहर है.

विज्ञापन

गोपालगंज. सोमवार की रात अचानक आये आंधी-पानी और वज्रपात ने जिलेभर में भारी तबाही मचायी. करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा और मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. वज्रपात की चपेट में आकर बलिवन रायमल गांव में एक किशोर की मौत हो गयी, जिससे गांव में शोक की लहर है. आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था पर भी भारी असर पड़ा. जिले में 20 से ज्यादा बिजली के पोल गिर गये, जबकि 12 से अधिक ट्रांसफॉर्मर जलकर खराब हो गये. इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. शादी-विवाह और तिलक-सगाई जैसे आयोजनों में भी बारिश ने खलल डाल दी. आम और लीची के बगान को भी आंधी-पानी ने नुकसान पहुंचाया.

रिहायशी इलाके में जलजमाव की स्थिति

जिला मुख्यालय के बड़ी बाजार, जादोपुर रोड, सिनेमा रोड, पुरानी चौक समेत अधिकांश रिहायशी इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. सदर अस्पताल परिसर और इमरजेंसी वार्ड तक पानी से भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, तेज बारिश और हवाओं से उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गयी.

बलुवन रायमल में वज्रपात से किशोर की मौत, मचा काेहराम

गोपालगंज. जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलुवन रायमल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान 17 वर्षीय शिवांशु कुमार के रूप में हुई है, जो सिकंदर कुशवाहा का पुत्र था. परिजनों के अनुसार, शिवांशु एक शादी का नेवता देने गांव से निकला था, तभी तेज बारिश के दौरान अचानक वज्रपात की चपेट में आ गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजन प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि शिवांशु मिलनसार और होनहार छात्र था, उसकी असमय मौत से पूरा परिवार और गांव सदमे में है. प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है.

बिजली आपूर्ति बाधित

आंधी-पानी ने बिजली को भारी नुकसान पहुंचाया. जिलेभर में आंधी-पानी के दौरान 20 से ज्यादा बिजली पोल धराशायी हो गये. वहीं, 12 से अधिक ट्रांसफॉर्मर जल गये. आंधी-पानी को देखते हुए एहतियातन बिजली आपूर्ति को काट दिया गया. मंगलवार की सुबह में क्षति का विभाग ने आकलन कराया, जिसमें जगह-जगह ट्रांसफॉर्मर और बिजली पोल में खराबी मिली. पूरे दिन बिजली कंपनी के कर्मी गिरे हुए पोल को मरम्मत करने और जले हुए ट्रांसफॉर्मर को ठीक करने में जुटे हुए थे. बिजली कंपनी के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद इकबाल अंजुम ने बताया कि जिलेभर में बिजली की सप्लाइ चालू कर दी गयी है. जिन इलाकों से गड़बड़ी की सूचना मिल रही है, वहां बिजली कर्मियों को भेजकर दुरुस्त कराया जा रहा है.

शादी-विवाह और तिलक समारोह में भारी नुकसान

सोमवार को लग्न अधिक था. जिला मुख्यालय के तमाम मैरेज हॉल बुक थे. शादी-विवाह तो कहीं तिलक और सगाई की रस्म पूरी करायी जा रही थी. लोग खुशी के माहौल में डूबे हुए थे. इसी बीच तेज हवा के साथ आंधी-पानी शुरू हो गयी. किसी के यहां बारात लगने से पहले बारिश हो गयी, तो किसी के दरवाजे पर तिलक चढ़ाने के दौरान बारिश शुरू हो गयी. मौसम विभाग ने तीन घंटे पहले बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, इसलिए लोगों को बारिश से बचने के लिए विशेष इंतजाम करने का समय नहीं मिल सका. अधिकतर जगहों पर खाने-पीने की सामग्री बच गयी. कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशानी हुई. कई लोग एक समारोह में शामिल होने के बाद दूसरे नेवता में नहीं जा सके. दूर के शादी-विवाह के सभी कार्यक्रमों में शामिल होने से लोगों ने परहेज किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GURUDUTT NATH

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

GURUDUTT NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन