गोपालगंज: बैकुंठपुर में भैंस चोरों का आतंक, रातभर जागकर मवेशियों की रखवाली कर रहे पशुपालक

गोपालगंज के बैकुंठपुर में भैंस चोरी की घटनाओं ने पशुपालकों में डर का माहौल बना दिया है. चोर दिन में भैंस खरीदने के बहाने आकर रेकी करते हैं और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं. लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण रातभर जागकर अपने मवेशियों की रखवाली करने को मजबूर हैं.
Gopalganj News: गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र में भैंस चोरी की बढ़ती घटनाओं से पशुपालकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का आरोप है कि चोरों का संगठित गिरोह दिन में भैंस खरीदने के बहाने गांवों में पहुंचकर महंगी दुधारू भैंसों की रेकी करता है और रात में मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दे देता है. लगातार हो रही घटनाओं के कारण पशुपालक रातभर जागकर अपने मवेशियों की रखवाली करने को मजबूर हैं.
खरीदारी के बहाने रेकी करने का आरोप
बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनकट्टी उत्तर निवासी धुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 27 जुलाई की रात करीब दो बजे उनके दरवाजे से करीब एक लाख रुपये मूल्य की दुधारू भैंस चोरी हो गयी. उन्होंने बताया कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले कुछ लोग भैंस खरीदने के बहाने उनके घर आये थे और भैंस की कीमत पूछकर चले गये थे.
धुरेंद्र ठाकुर को आशंका है कि उसी गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत बैकुंठपुर थाने में दर्ज करायी है.
अलग-अलग गांवों से चोरी की शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार, शंकरपुर गांव में भी एक पशुपालक की भैंस चोरी होने की सूचना है. लोगों का कहना है कि अलग-अलग गांवों से लगातार भैंस चोरी की शिकायतें थाने पहुंच रही हैं, लेकिन घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है.
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
भैंस चोरी की घटनाओं से परेशान पशुपालकों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और चोर गिरोह का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है.
पशुपालकों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को स्वयं सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











