पंचदेवरी प्रखंड कार्यालय के बाहर सक्रिय बिचौलियों पर सख्त हुए बीडीओ, शिकायत मिलने पर होगी एफआईआर

Author Ajit dubey|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
प्रखंड कार्यालय, गोपालगंज

प्रखंड कार्यालय, गोपालगंज

Gopalganj News : पंचदेवरी प्रखंड और अंचल कार्यालय के बाहर सक्रिय कथित बिचौलियों पर प्रशासन ने नकेल कस दी है. बीडीओ आयुष राज आलोक ने ग्रामीणों से सीधे कार्यालय आकर काम कराने की अपील की है और कहा है कि झांसे में आकर पैसे देने वालों के खिलाफ FIR दर्ज होगी.

विज्ञापन

Gopalganj News : पंचदेवरी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के बाहर सक्रिय कथित बिचौलियों की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन सख्त हो गया है. बीस सूत्री समिति की 25 जुलाई को आयोजित बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आयुष राज आलोक ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के झांसे में नहीं आने और सीधे कार्यालय पहुंचकर अपना कार्य कराने की अपील की है.

कार्यालय के बाहर सक्रिय हैं कथित बिचौलिए

ग्रामीणों की शिकायत है कि प्रखंड और अंचल कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर कुछ लोग आने वाले लोगों को रोककर उनके कार्य की जानकारी लेते हैं. इसके बाद कम समय में काम कराने का दावा करते हुए उन्हें कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचने से रोकने का प्रयास करते हैं. साथ ही यह कहकर गुमराह किया जाता है कि कार्यालय के माध्यम से काम कराने पर काफी भागदौड़ करनी पड़ेगी और समय पर काम नहीं होगा. इसके बदले कथित बिचौलिए शीघ्र काम कराने के नाम पर रुपये की मांग करते हैं.

झांसे में न आने की अपील, शिकायत पर होगी एफआईआर

बीडीओ आयुष राज आलोक ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं और अपने सभी कार्यों के लिए सीधे कार्यालय में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क करें. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रुपये लेकर जल्दी काम कराने का दावा करता है या लोगों को गुमराह करता है, तो उसकी पहचान कर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं. ऐसे लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बीस सूत्री समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से भी इस जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की.

कर्मचारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश

बीस सूत्री समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए थे. इसके बाद बीडीओ ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ग्रामीणों के सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही या शिकायत मिली तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

गुमराह कर रुपये लेने वालों को नहीं मिलेगी राहत

बीडीओ आयुष राज आलोक ने कहा कि ग्रामीणों को गुमराह कर रुपये लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों की सहायता के लिए उपलब्ध हैं और हर व्यक्ति का कार्य नियमानुसार एवं समय पर किया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना और बिचौलिया प्रथा पर पूरी तरह रोक लगाना है.

Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य



विज्ञापन
Ajit Dubey

लेखक के बारे में

By Ajit Dubey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन