बैकुंठपुर के 13 टीबी मरीजों को जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने गोद लिया, निजी खर्च से उपलब्ध कराया पौष्टिक आहार

बैकुंठपुर में टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार देते प्रभारी बीपीआरओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय में 13 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त फूड पैकेट उपलब्ध कराए गए. जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निजी खर्च से यह सहयोग कर मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. यह पहल सामाजिक दायित्व निभाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण है.
बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को यक्ष्मा (टीबी) मरीजों के पोषण और उपचार में सहयोग की दिशा में सराहनीय पहल की गयी. प्रखंड पंचायती राज कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 13 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त फूड पैकेट उपलब्ध कराया गया. सभी फूड पैकेट जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने निजी खर्च से खरीदकर मरीजों को सौंपे तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरीय चिकित्सा उपचार पर्यवेक्षक संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टीबी से पूर्ण स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन भी अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को निःशुल्क दवा के साथ पोषण सहायता के लिए अनुदान राशि भी उपलब्ध कराती है. इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का सामाजिक दायित्व निभाते हुए अतिरिक्त सहयोग के लिए आगे आना प्रेरणादायक पहल है.
बिना देर किये इलाज कराने की दी सलाह
कार्यक्रम में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रवीण भास्कर, धर्मबारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बाबर अली, सिरसा मानपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रमेश सिंह, पंचायत सचिव गौतम प्रभाकर, गौरव कुमार तथा राकेश कुमार ने मरीजों को फूड पैकेट सौंपे. इस दौरान लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किये जांच कराने, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित दवा लेने और पूरा उपचार पूरा करने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद टीबी मरीजों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. कार्यक्रम में कई अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










