सिंहासनी मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सभी झूलों की फिटनेस जांच के बाद मिला संचालन का आदेश
सिंहासनी मेले में झूलों की तस्वीर
सिंहासनी महोत्सव के प्रसिद्ध मेले में इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. सभी झूलों और मनोरंजन राइड्स की फिटनेस, वायरिंग और इमरजेंसी ब्रेक की सघन जांच की गई है.
Gopalganj News: सावनी महोत्सव के अवसर पर आयोजित एक माह तक चलने वाले प्रसिद्ध सिंहासनी मेले में इस वर्ष प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेले में लगाए गए सभी झूलों और मनोरंजन राइड्स की सघन जांच कराई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.
बड़े झूले, ब्रेक डांस और ड्रैगन राइड की हुई फिटनेस जांच
प्रशासन के निर्देश पर बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने बड़े झूले, ब्रेक डांस, ड्रैगन सहित सभी मनोरंजन राइड्स की फिटनेस, वायरिंग, ग्राउंडिंग और इमरजेंसी ब्रेक की गहन जांच की.
जांच के दौरान जिन झूलों में मामूली खामियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने या संचालन रोकने का निर्देश दिया गया.
प्रतिदिन सुरक्षा जांच की देनी होगी रिपोर्ट
अंचलाधिकारी शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में सभी झूले सुरक्षित पाए गए हैं. उन्होंने झूला संचालकों को प्रतिदिन नट-बोल्ट, ब्रेक और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए किसी भी झूले का संचालन नहीं होने दिया जाएगा.
हर झूले के पास प्राथमिक उपचार किट और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य
प्रशासन ने प्रत्येक झूले के पास प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य कर दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
मेले में पुलिस और महिला पुलिस की विशेष तैनाती
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिस की तैनाती की गई है. साथ ही उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं से भीड़ और अफरा-तफरी से बचने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था से श्रद्धालुओं में बढ़ा भरोसा
प्रशासन की इस पहल से मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने संतोष जताया है. उनका कहना है कि इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के कारण मेले का आनंद पहले से अधिक सुरक्षित और बेहतर हो गया है.
सिंहासनी मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
उधर, सिंहासनी मंदिर में प्रतिदिन प्रातःकाल जलाभिषेक और महारुद्राभिषेक के साथ संध्या बेला में बाबा के महाशृंगार एवं आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. सावन माह के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











