बर्फीली हवा ने सबसे ठंडे दिन का तोड़ा रिकाॅर्ड, 1983 में 8.5 डिग्री पहुंचा था पारा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Dec 2019 7:02 AM
विज्ञापन
गोपालगंज : पहाड़ों से निकलकर उत्तर बिहार को कंपकपा देनेवाली सर्द हवा शहर में अपना कहर बरपाने लगी है. यह मुसीबत अभी और बढ़ने वाली है. सर्द हवा से बचने के लिए लोग शाम होते ही घरों में दुबक जा रहे हैं. राहगीरों के लिए अलाव सहारा बन गया है. कड़ाके की सर्दी में टोपी, […]
विज्ञापन
गोपालगंज : पहाड़ों से निकलकर उत्तर बिहार को कंपकपा देनेवाली सर्द हवा शहर में अपना कहर बरपाने लगी है. यह मुसीबत अभी और बढ़ने वाली है. सर्द हवा से बचने के लिए लोग शाम होते ही घरों में दुबक जा रहे हैं. राहगीरों के लिए अलाव सहारा बन गया है. कड़ाके की सर्दी में टोपी, दस्ताने, शाल व मफलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं.
दोपहिया वाहन चालकों की हालत सबसे खराब है. सड़कों पर लोग कम दिख रहे हैं. इधर कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी अरशद अजीज ने जिले के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन करते हुए अगले आदेश तक सुबह 9.30 से 3.00 बजे तक क्लास चलाने का आदेश दिया है.
एसडीओ उपेंद्र कुमार पाल ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख चौक पर गुरुवार से अलाव जलाने का इंतजाम किया जा रहा है. उधर, विष्णु शूगर मिल के महाप्रबंधक पीआरएस पाणिकर ने बताया कि सदर अस्पताल में सीएस से सहमति मिलने के बाद अलाव जला दिया गया है. प्रशासन अनुमति दे तो शहर के प्रमुख चौक, स्टेशन, बस अड्डे पर भी बगास गिराकर अलाव जला दिया जायेगा.
बर्फीली हवाओं के चलते बुधवार को सीजन के सबसे ठंडे दिन का रिकाॅर्ड टूट गया. एक दिन में ही तापमान साढ़े चार डिग्री गिर गया है, जो बॉडी तापमान से 22 डिग्री सेल्सियस कम है. ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि शरीर के तापमान को संतुलन बनाये रखने के लिए आपको मशक्कत करनी पड़ेगी.
मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय ने बताया कि वर्ष 1983 में 18 दिसंबर को 8.4 डिग्री न्यूनतम तापमान था. उसके बाद बुधवार को पारा 8.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 10.2 किमी की रफ्तार से पछुआ हवा चली जिससे दिन में अधिकतम तापमान गिरकर 15.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
बुधवार को भी शीतलहर में स्कूल पहुंचे बच्चे, छात्र-छात्रा बेहोश
गोपालगंज : बुधवार की सुबह कड़ाके की ठंड थी. शीतलहर में कांपते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे. कोई बाइक से तो कोई अन्य साधन से स्कूल गया. इस दौरान सिनेमा रोड में सात वर्षीय छात्र छोटू कुमार व पम्मी कुमारी बेहोश हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आंबेडकर चौक स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया.
मांझा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लंगटूहाता वृत्तीटोला की छात्रा ठंड लगने से चेतना सत्र के दौरान बेहोश होकर गिर गयी. बुधवार को उक्त विद्यालय के वर्ग छह की छात्रा रानी कुमारी चेतना सत्र में खड़ी थी, जहां बेहोश होकर गिर पड़ी. शिक्षकों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया.
पांच दिनों में तापमान की चाल
दिन अधिकतम न्यूनतम
शुक्रवार 21.5 15.4
शनिवार 22.0 15.3
रविवार 20.5 14.8
सोमवार 22.4 12.7
मंगलवार 19.2 9.1
मशानथाना चंवर में बेहोश मिला किसान, अस्पताल में भर्ती
गोपालगंज. सदर प्रखंड के जादोपुर के मशानथाना गांव के चंवर में ठंड से किसान बेहोश हो गया. 55 वर्षीय सुरेश सिंह को गांव के लोगों ने इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया. परिजनों के मुताबिक शीशम काटने के लिए चंवर में गये थे. इसी दौरान ठंड लगी और बेहोश हो गये.
सिधवलिया में अलाव जलने से किसानों को मिली राहत
सिधवलिया. भारत शूगर मिल सिधवलिया ने मिल गेट चौक, स्टेशन चौक सहित कई महत्वपूर्ण चौकों पर अलाव जलाना शुरू कर दिया है. अलाव जलने से फिलहाल मिल आनेवाले किसानों को थोड़ी राहत मिली है. मिल के महाप्रबंधक शशि केडिया ने बताया कि ठंड के शुरुआती दौर में महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है.
होमगार्ड जवान को लगी ठंड, बेहोश
गोपालगंज. कुचायकोट में पैक्स चुनाव की ड्यूटी में तैनात रहे होमगार्ड जवान चंदेश तिवारी को ठंड लग गयी. बुधवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. बूढ़ी दलेया निवासी होमगार्ड जवान ने बताया कि राइफल पुलिस लाइन में जमा करने आया था. पुलिस लाइन से निकलते ही गेट पर ठंड लगी और बेहोश हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










