गया जी : सरकारी स्कूलों में पढ़ाई सुधारने के लिए BDO का नया प्लान, यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज बनाने की सलाह

सांकेतिक तस्वीर
इमामगंज प्रखंड में प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर मंथन हुआ. बीडीओ संजय कुमार ने साफ-सफाई, नियमित उपस्थिति और नवाचारी शिक्षण पर जोर दिया, साथ ही यूट्यूब और फेसबुक पेज के इस्तेमाल का सुझाव दिया.
इमामगंज प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्रों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता और नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ संजय कुमार ने की.
बीडीओ द्वारा साफ-सफाई और उपस्थिति पर जोर
बीडीओ ने कहा कि विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराई जाए, जिन छात्रों की उपस्थिति कम रहती है, उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए.
उन्होंने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के साथ-साथ विद्यालय की सकारात्मक गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज बनाने का सुझाव दिया. साथ ही क्विज प्रतियोगिता, खेलकूद एवं गीत-संगीत जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया.
कार्यपालक पदाधिकारी के सुझाव और आपसी रंजिश से दूरी
वहीं नगर पंचायत इमामगंज के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष रंजन पाण्डेय ने कहा कि विद्यालयों में अनावश्यक राजनीति और आपसी रंजिश से बचने की जरूरत है. उन्होंने महिला शिक्षकों एवं छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए महिला अध्यक्ष के नेतृत्व में समिति गठित करने का सुझाव दिया.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कक्षा में नियमित पठन-पाठन हो, ताकि बच्चे शोर-शराबा करने के बजाय पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें. बैठक के दौरान अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर शिक्षकों के सुझाव भी सुने.
बीडीओ की अनूठी पहल और उपस्थित अधिकारी
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार किया जा सकता है. विदित हो कि बीडीओ संजय कुमार प्रशासनिक दायित्वों के साथ समय निकालकर क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने भी जाते हैं.
शिक्षा के प्रति उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और वे एक कुशल शिक्षक के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. बैठक में बीइओ राधेश्याम सिंह, सीडीपीओ सहित सभी प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










