नवजातों को मिलेगा मां के साथ बेहतर इलाज

Published by :JITENDRA MISHRA
Published at :04 May 2026 6:02 PM (IST)
विज्ञापन
नवजातों को मिलेगा मां के साथ बेहतर इलाज

मगध मेडिकल अस्पताल में एमएनसीयू स्थापना की तैयारी तेज, भूमि चिह्नित

विज्ञापन

मगध मेडिकल अस्पताल में एमएनसीयू स्थापना की तैयारी तेज, भूमि चिह्नित

इंजीनियर की मदद से

डीपीआर तैयार कर सक्षम विभाग में भेजी

अभी मां और नवजात को एक साथ रहने की सुविधा नहीं

वरीय संवाददाता, गया जी. मगध मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात के साथ मां के ठहरने की समुचित व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है. इसके कारण एसएनसीयू में भर्ती नवजात के साथ मां को बाहर गलियारे में बैठना पड़ता है और समय-समय पर भीतर जाकर स्तनपान कराना पड़ता है. इस गंभीर कमी को दूर करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अब पहल शुरू कर दी है. अस्पताल परिसर में ही मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गयी है. साथ ही बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआइसीएल) के इंजीनियरों की मदद से इसका विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) भी तैयार कर लिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, एसएनसीयू को अपग्रेड कर एमएनसीयू के रूप में विकसित किया जा रहा है. इस यूनिट में माताओं को अपने शिशुओं के साथ रहने की सुविधा मिलेगी. इससे नवजात को मां का स्पर्श, स्तनपान और निरंतर देखभाल मिल सकेगी, जो उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. डॉक्टरों ने बताया कि मां के साथ रहने से नवजात को आवश्यक पोषण, सुरक्षा व भावनात्मक संबल मिलता है. इससे रिकवरी तेज होती है और इम्युनिटी भी मजबूत होती है. कंगारू मदर केयर और नियमित स्तनपान जैसी सुविधाएं नवजात की सेहत सुधारने में अहम भूमिका निभाती हैं. चिकित्सकों का कहना है कि कम वजन या समय से पहले जन्मे बच्चों के लिए शुरुआती दिन बेहद संवेदनशील होते हैं. ऐसे में मां की उपस्थिति और बेहतर चिकित्सा सुविधा उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित होती है. एमएनसीयू की स्थापना से मातृ व शिशु स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ, प्रभावी और मानवीय बनेंगी. इससे नवजात मृत्यु दर में कमी लाने में भी मदद मिलेगी. स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध होने से मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

एमएनसीयू का प्रस्ताव भेजा गया

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि नवजातों के बेहतर इलाज के लिए एमएनसीयू की अत्यंत आवश्यकता है. इस संबंध में प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार को भेज दिया गया है. इसके स्वीकृत होते ही यूनिट के निर्माण कार्य को गति दी जायेगी. अस्पताल अधीक्षक डॉ. केके सिन्हा ने बताया कि हाल के दिनों में अस्पताल में कई सुविधाओं का विस्तार किया गया है. एमएनसीयू बनने के बाद नवजातों की देखभाल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी.

डॉ केके सिन्हा, अधीक्षक, मगध मेडिकल अस्पताल

विज्ञापन
JITENDRA MISHRA

लेखक के बारे में

By JITENDRA MISHRA

JITENDRA MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन