गया पितृपक्ष मेला पर रेलवे की अनोखी डॉक्यूमेंट्री, आस्था और सेवा का दिखा संगम
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 29 May 2026 7:10 PM
डॉक्यूमेंट्री फिल्म
Gaya News: गया जी में पितृपक्ष मेला के दौरान भारतीय रेल की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा में निभाई गई. भूमिका पर पूर्व मध्य रेल द्वारा विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की गई है, जिसमें सांस्कृतिक और प्रशासनिक पहलुओं को दर्शाया गया है.
Gaya News(रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट):
पितृपक्ष मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातनी परंपरा और श्रद्धा का विराट उत्सव है. हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष और तर्पण के लिए बिहार के पावन तीर्थ गया जी पहुंचते हैं. ऐसे विशाल आयोजन में जहां श्रद्धालुओं की संख्या अचानक कई गुना बढ़ जाती है, वहां भारतीय रेल एक जीवनरेखा बनकर सामने आती है. श्रद्धालुओं की आस्था को सम्मानपूर्वक मंजिल तक पहुंचाने में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है.
इसी महत्वपूर्ण भूमिका और सेवा भावना को केंद्र में रखते हुए पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की गई है, जिसे जीएम अवार्ड समारोह में प्रसारित किया गया है. यह फिल्म गया जी के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को भारतीय रेल की पृष्ठभूमि में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है. साथ ही पितृपक्ष मेला के दौरान गया जंक्शन पर रेल प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन की तैयारियों को भी विस्तार से दर्शाती है. उक्त डॉक्यूमेंट्री फिल्म पूर्व मध्य रेलवे के जीएम छत्रसाल सिंह की प्रेरणा से डीडीयू के डीआरएम उदय सिंह मीना के मार्गदर्शन में बनी है.
डॉक्यूमेंट्री फिल्म में क्या दिखाया गया
डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया है कि किस प्रकार भारतीय रेल केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का वाहक भी है. गया जी, जहां भगवान विष्णु के चरण चिह्न स्थित हैं और जहां पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व है, वहां पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है. ऐसे समय में रेलवे प्रशासन पर यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज यात्रा उपलब्ध कराने की बड़ी जिम्मेदारी होती है.
फिल्म में गया जी की आध्यात्मिक गरिमा और पौराणिक महत्व को अत्यंत आकर्षक दृश्यांकन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी, अक्षयवट और पिंडदान स्थलों की भव्यता के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी जीवंत रूप में दिखाया गया है. इसके समानांतर भारतीय रेल की तैयारियों और सेवा कार्यों को जोड़ते हुए यह संदेश दिया गया है कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि श्रद्धा और सेवा का सशक्त माध्यम भी है.
पितृपक्ष मेला में कई गुना बढ़ जाती है यात्रियों की संख्या
सामान्य दिनों में 50 से 60 हजार यात्री सफर करते हैं, लेकिन पितृपक्ष मेला के दौरान गया जंक्शन पर यात्रियों की संख्या करीब दो लाख तक बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सुविधाएं, साफ-सफाई व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जाता है.
डॉक्यूमेंट्री फिल्म में इन सभी पहलुओं को विस्तार से दिखाय गया है. फिल्म में यह भी बताया गया है कि मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में बहुभाषी सूचना प्रणाली विकसित की गई है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल सूचना बोर्ड और हेल्पलाइन सेवाएं सक्रिय रखी गई हैं.
डॉक्यूमेंट्री में दिया गया विशेष संदेश
डॉक्यूमेंट्री का संदेश है कि रेलवे का उद्देश्य केवल यात्रा कराना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सम्मानजनक और सुरक्षित अनुभव देना है. वृद्ध यात्रियों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता केंद्र, व्हीलचेयर और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की गई है. स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए गया जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके.
फिल्म का एक महत्वपूर्ण पक्ष
इस फिल्म में गया जी को अंतरराष्ट्रीय आस्था केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में रेलवे की भूमिका को भी रेखांकित किया गया है. नेपाल, श्रीलंका, थाईलैंड और अन्य देशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष सूचना, सुरक्षा और मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की गई है.
यह डॉक्यूमेंट्री केवल एक प्रशासनिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और सेवा के समन्वय का जीवंत दस्तावेज बनकर सामने आई है.
Also Read: CUSB के 19 विद्यार्थियों का हुआ कैंपस प्लेसमेंट; अजीम प्रेमजी फाउंडेशन में मिला पांच लाख का पैकेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










