गया जी : पितृपक्ष से पहले ब्रह्मसत तालाब का लाइट एंड साउंड शो चालू करने की तैयारी, मेयर ने दिए निर्देश

ब्रह्मसत तालाब में पहले से बनाया गया लाइट एंड साउंड | Prabhat Khabar Network
Pitru Paksha Mela Gaya 2026 : गया जी के ब्रह्मसत तालाब का बहुप्रतीक्षित लाइट एंड साउंड शो पितृपक्ष मेले से पहले चालू होने की उम्मीद है. मेयर ने अधिकारियों को इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं.
Pitru Paksha Mela Gaya 2026 : गया जी के ऐतिहासिक ब्रह्मसत तालाब में कई वर्ष पहले गया जी की गौरवशाली धार्मिक गाथा को दिखाने के लिए लाइट एंड साउंड योजना को पूरा किया गया था. हालांकि, तकनीकी स्तर पर कुछ त्रुटि होने के चलते आज तक यह आकर्षक कार्यक्रम निर्बाध रूप से नियमित नहीं चल सका.
अमूमन हर बार पितृपक्ष मेले के समय इसे दोबारा चालू करने को लेकर विभाग द्वारा बड़ी योजना बनायी जाती है, लेकिन हर बार मेला समाप्त होने के बाद भी इसे धरातल पर चालू नहीं किया जाता है. इस बार पुनः पितृपक्ष मेला नजदीक आते ही लाइट एंड साउंड शो को चालू करने का नया प्रस्ताव निगम बोर्ड व स्टैंडिंग की बैठक में पूरी तरह पारित कर दिया गया है.
इसके बावजूद स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा होने लगी है कि शायद ही इस बार भी हर साल की तरह यह योजना सिर्फ फाइलों और चर्चाओं तक ही सीमित होकर रह जायेगी.
Gaya Ji News : प्रारंभिक कमियों के कारण रुका शो
विगत वर्ष भी इसके सुचारू संचालन के लिए निगम के इंजीनियर द्वारा एक नया एस्टीमेट तैयार कर लिया गया था. नगर निगम से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शुरुआत में इस शो को बिना किसी बाधा के लगातार चलाने के लिए आवश्यक जेनरेटर का वित्तीय प्रस्ताव नहीं लाया गया था और वहां पर्यटकों के लिए टिकट काउंटर भी नहीं बन पाया था.
मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने इस संबंध में बताया कि हर बार नगर निगम बोर्ड की यह पुरजोर कोशिश रही है कि पितृपक्ष मेले के शुरू होने से ठीक पहले इसे हर हाल में चालू कराकर बाहर से आये तमाम पिंडदानियों को एक धार्मिक मनोरंजन का बेहतरीन स्थल उपलब्ध कराया जाये. इसे शीघ्र चालू करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रस्ताव पारित करने में कोई देरी नहीं की गयी है.
मेयर का सख्त निर्देश
मेयर ने स्पष्ट किया कि धरातल पर यह काम संबंधित अधिकारियों व इंजीनियरों को ही करवाना है. उन्होंने कहा कि इस बार समय रहते हुए इसके आवश्यक बजट और सुधार के लिए बोर्ड से प्रस्ताव पारित करा लिया गया है.
इसके साथ ही संबंधित इंजीनियर को सख्त हिदायत दी गयी है कि किसी भी हाल में इस बार पितृपक्ष से पहले लाइट एंड साउंड शो को सुचारू रूप से चालू कराया जाये.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में अब किसी भी स्तर पर किसी तरह की कोताही या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
Also Read : गया जी में विष्णुपद कॉरिडोर के साथ दशावतार मंदिर की तैयारी, भगवान विष्णु के 10 रूपों की लगेगी मूर्ति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










