PDS डीलर सुग्रीव पासवान की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग, परिजनों से मिला डीलर्स एसोसिएशन

दिवंगत परिवार को सहायता राशि देते डीलर संघ के पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गया जी में दिवंगत पीडीएस डीलर सुग्रीव पासवान के परिजनों से संघ ने मुलाकात की और 25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान कर निष्पक्ष जांच की मांग की.
फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह व जिला महामंत्री डॉ विजय कुमार यादव के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल बेलागंज प्रखंड के पनारी गांव पहुंचकर दिवंगत जन वितरण विक्रेता सुग्रीव पासवान के परिजनों से मुलाकात की.
प्रतिनिधिमंडल ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां वे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में बेहोश पाये गये थे. निरीक्षण के बाद एसोसिएशन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आशंका जतायी कि प्रथम दृष्टया मामला सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि किसी साजिश का परिणाम प्रतीत होता है.
संगठन ने सरकार व जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश करने की मांग की.
गोदाम से लौटने के दौरान हुई थी दुर्घटना
बताया गया कि सुग्रीव पासवान बिहार राज्य खाद्य निगम के बेलागंज गोदाम से अपने घर लौटने के दौरान ईंट-भट्ठा के समीप दुर्घटना के शिकार हुए थे.
एसोसिएशन ने जिला प्रशासन व आपूर्ति विभाग से मृतक की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली की दुकान का लाइसेंस देने, परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने तथा एक पुत्र और एक पुत्री की उच्च शिक्षा पूरी होने तक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
साथ ही अनुसूचित जाति कल्याण कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने की भी अपील की.
श्राद्ध कर्म के लिए दी सहयोग राशि
प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर परिस्थिति में साथ रहने का भरोसा दिया तथा श्राद्ध कर्म के लिए पच्चीस हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की. इस अवसर पर धर्मदेव सिंह, अखिलेश सिंह, उदय नारायण सिंह, सुभाष यादव, डॉ शिवकुमार यादव, शिवनाथ सिंह चंद्रवंशी व अन्य थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










