नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्सप्रेस में सफर के दौरान यात्री की मौत, गया जंक्शन पर उतारा गया शव
नई दिल्ली से गया आ रही महाबोधि एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की अचानक मौत हो गई. ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचते ही रेल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया.
Gaya Ji News: नई दिल्ली से गया आ रही गाड़ी संख्या 12398 महाबोधि एक्सप्रेस (Mahabodhi Express) में बुधवार को सफर के दौरान एक यात्री की अचानक मौत हो गई. ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचते ही रेल थाना (GRP) पुलिस ने संबंधित कोच से शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. मृतक की पहचान गया शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी मैदान (एक्सिस बैंक के पास) के निवासी कृष्णा कुमार पचेरीवाला के रूप में हुई है.
विंध्याचल से गया लौट रहे थे यात्री, हार्ट अटैक की आशंका
रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महाबोधि एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 (S-1) के बर्थ संख्या 33 (लोअर) पर सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उनकी मृत्यु हो गई है. ट्रेन के गया जंक्शन पर रुकते ही जीआरपी की टीम ने कोच में पहुंचकर शव को बाहर निकाला.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार पचेरीवाला उत्तर प्रदेश के विंध्याचल स्टेशन से गया लौटने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे. यात्रा के दौरान ही उन्हें अचानक असहजता महसूस हुई और दम तोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत की वजह दिल का दौरा (Heart Attack) प्रतीत हो रही है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
रेल पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










