गया जी: आमस में स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, बीडीओ व थानाध्यक्ष समेत कई अधिकारियों ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में शामिल पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
आमस प्रखंड में हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली. इस दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए.
Gaya Ji News: गया जी जिले अंतर्गत आमस प्रखंड क्षेत्र के सुग्गी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं राजकीय मध्य विद्यालय सुग्गी के छात्र-छात्राओं द्वारा बुधवार की शाम एक भव्य 'हर घर तिरंगा यात्रा' निकाली गई. इस राष्ट्रभक्ति यात्रा में प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा भारी संख्या में स्कूली बच्चों ने सहभागिता निभाई.
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा का संचालन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और मध्य विद्यालय परिसर से हुआ, जिसमें आमस प्रखंड प्रमुख लड्डन खान, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) नीरज कुमार राय, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार तथा अंचलाधिकारी (CO) अरशद मदनी विशेष रूप से शामिल हुए.
मध्य विद्यालय सुग्गी के प्रधानाध्यापक डॉ. निरंजन प्रसाद ने बताया कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर गांव व मुख्य मार्गों का भ्रमण किया. यात्रा के दौरान बच्चों के देशभक्ति गीतों और गगनभेदी नारों से पूरा इलाका राष्ट्रप्रेम के माहौल में सराबोर हो गया.
प्रमुख शिक्षक व स्थानीय नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन कविता कुमारी, शिक्षक मिन्हाज अहमद, अरविंद कुमार, अंजर इमाम, सलोनी कुमारी, रेशमी कुमारी, चांदनी सिंह, शगुफ्ता राहत, भाजपा नेता अजीत मिश्रा, बीआरपी उमेश सिंह और धर्मेंद्र सिंह सहित कई अन्य शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे. यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










