गया में वज्रपात से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, गांव में पसरा मातम
गया के टनकुप्पा प्रखंड में बुधवार को वज्रपात की चपेट में आने से 50 वर्षीय राजू यादव की मौके पर ही मौत हो गई. यह दुखद घटना तब हुई जब वे खेतों में भैंस चरा रहे थे. इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है.
Gaya Ji News: जिले के टनकुप्पा प्रखंड क्षेत्र की आरोपुर पंचायत अंतर्गत आंधु मुकरी गांव में बुधवार को वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से 50 वर्षीय राजू यादव की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपने घर के समीप खेतों में भैंस चरा रहे थे. मृतक की पहचान आंधु मुकरी गांव निवासी स्वर्गीय सोमर यादव के 50 वर्षीय पुत्र राजू यादव के रूप में की गई है.
अचानक बदले मौसम के बीच गिरी बिजली
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान जोरदार कड़क के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से राजू यादव गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पास जाकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया.
सरकारी सहायता राशि देने की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया शुरू की. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मृतक के आश्रितों को शीघ्र अति शीघ्र उचित मुआवजा व सरकारी सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है. वहीं, अंचल प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न जाने की अपील की है.
Also Read: गया में डिलीवरी के दौरान हुई मौत के बाद एक्शन, दुर्गा हॉस्पिटल सील, जांच शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










