गयाजी में डायन-भूत के शक में भीड़ का कहर, अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका

AI से बनी प्रतीकात्मक तस्वीर
Gayaji News: बंधुआ गांव के महादलित टोला शांति नगर में डायन-भूत और ओझा-गुणी होने के आरोप में उग्र भीड़ ने एक 48 वर्षीय अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
Gayaji News: (गयाजी से उदय शंकर की रिपोर्ट)
गयाजी जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अंधविश्वास की खौफनाक तस्वीर सामने आई है. बंधुआ गांव के महादलित टोला शांति नगर में डायन-भूत और ओझा-गुणी होने के आरोप में उग्र भीड़ ने एक 48 वर्षीय अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जहां ट्रेन की चपेट में आने से शव कई टुकड़ों में बंट गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
आधी रात को भीड़ ने बरपाया कहर
जानकारी के अनुसार, बंधुआ गांव के महादलित टोला शांति नगर में बुधवार की देर रात कुछ लोगों ने 48 वर्षीय व्यक्ति पर डायन-भूत और ओझा-गुणी से जुड़े आरोप लगाए. इसके बाद उग्र भीड़ ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद रेलवे लाइन पर फेंका गया शव
परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गया-धनबाद रेलखंड पर बंधुआ गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर डाल दिया. इसी दौरान ट्रेन गुजरने से शव कई टुकड़ों में बंट गया, जिससे घटना और भी भयावह हो गई.
सूचना मिलते ही गांव पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान खान, डीएसपी सुनील कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है. वहीं घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है.
तनाव को देखते हुए बढ़ाई गई पुलिस गश्त
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: Gaya News. गया में जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप, कलेक्ट्रेट में होगी 20 सूत्री की बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










