पूजा घर में दीये से लगी आग, एक लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख
Published by : Vikas Jha Updated At : 02 Jun 2026 9:04 PM
आग की सूचना पर पहुंची दमकल की टीम
Gaya Ji News: गया के कोतवाली थाना क्षेत्र में पूजा घर में जल रहे दीये से अचानक भीषण आग लग गई, जिससे एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है. सूचना मिलने पर पहुंची अग्निशमन टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
Gaya Ji News (नीरज कुमार की रिपोर्ट): शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉ वजीर अली रोड स्थित गली के एक घर के पूजा घर में जल रहे दीये से मंगलवार की शाम अचानक आग लग गयी. घटना के तुरंत बाद पीड़ित गृह स्वामी ने अग्निशमन दल को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता प्राप्त की. इस दौरान आसपास के लोग भी अपने-अपने स्तर से आग बुझाने के कार्य में पूरी तरह सक्रिय रहे. गृह स्वामी विकास पंडा उर्फ छोटू पंडा ने बताया कि उनकी पत्नी नीचे पूजा करने के बाद घर के दूसरे तल्ले पर आ गयी थी. इसी बीच अचानक पूजा घर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं.
अचानक लगी आग से मची अफरा-तफरी
जिस समय यह हादसा हुआ, घर में सभी लोग मौजूद थे. घर के भीतर से धुआं और आग देखकर परिजनों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आसपास के लोग भी तुरंत आग बुझाने में जुट गये. गृह स्वामी ने बताया कि इस अगलगी की घटना में पूजा घर के भीतर रखा जजमानों व परिवार का करीब एक लाख रुपये का नया कपड़ा, जजमानों के रिकॉर्ड से जुड़ी महत्वपूर्ण खाताबही सहित कई अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. पीड़ित परिवार के अनुसार इस हादसे से उन्हें काफी बड़ा आर्थिक और व्यावहारिक नुकसान हुआ है.
अग्निशमन दल ने एक घंटे में पाया काबू
इस हादसे के दौरान अग्निशमन दल ने पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ आग बुझाने का काम किया. अग्निशमन दल का नेतृत्व कर रहे अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें करीब सात बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना के तुरंत बाद अग्निशमन दल की गाड़ी घटनास्थल की ओर रवाना हो गयी और करीब एक घंटे के भीतर ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इस बचाव दल में नेतृत्वकर्ता के अलावा जयप्रकाश सिंह, भुलचुल सहनी, सुविण कुमार, कुंदन कुमार, धर्मेंद्र पासवान, चंदन कुमार, छोटू कुमार, सुमन कुमारी सहनी व अन्य कर्मी मुख्य रूप से शामिल थे.
Also Read: 1163 करोड़ की योजना से बदलेगी बोधगया की तस्वीर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने की समीक्षा बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










