डुमरिया में वज्रपात से किसान की मौत, धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय हुआ हादसा

डुमरिया थाना क्षेत्र के पनकरा गांव में वज्रपात ने एक किसान की जान ले ली। 61 वर्षीय बली साव धान की रोपाई के लिए खेत तैयार कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डुमरिया थाना क्षेत्र के पनकरा गांव में शनिवार को वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पनकरा गांव निवासी 61 वर्षीय बली साव के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.
जानकारी के अनुसार, बली साव लगातार हो रही बारिश के बीच धान की रोपाई की तैयारी के लिए अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गयी, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
पूर्व प्रखंड प्रमुख संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया था. किसान धान की खेती की तैयारी में जुटे थे. बली साव भी खेत तैयार कर रहे थे, तभी अचानक वज्रपात होने से यह दुखद हादसा हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही डुमरिया के अंचलाधिकारी (सीओ) संजय कुमार एवं थानाध्यक्ष राजू कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेजा जा रहा है. वहीं सीओ संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि सरकार के प्रावधानों के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










