गया जी : खुद को डायल-112 का हेड बताकर दुकानदार से गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज

दुकानदार को धमकाते आरोपी व्यक्ति की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
शेरघाटी में एक किराना दुकानदार के साथ अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना UPI भुगतान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई.
Gaya ji News : शेरघाटी शहर के हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित एक किराना दुकान पर खुद को डायल-112 का हेड बताने वाले एक व्यक्ति द्वारा दुकानदार के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर शेरघाटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
UPI भुगतान नहीं पहुंचने पर शुरू हुआ विवाद
जगन्नाथ कॉलोनी निवासी एवं "विनोद किराना" के संचालक 62 वर्षीय विनोद कुमार अग्रवाल ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 16 जुलाई की शाम करीब पांच बजे एक व्यक्ति उनकी दुकान से 340 रुपये का सामान खरीदकर यूपीआई से भुगतान करने की बात कहने लगा. भुगतान का मैसेज या राशि प्राप्त नहीं होने पर उन्होंने अपने कर्मचारी से कुछ देर रुकने का अनुरोध करने को कहा.
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उक्त व्यक्ति दुकान में आया और खुद को डायल-112 का हेड बताते हुए अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने लगा. उसने दुकानदार को जान से मारने और दुकान बंद करा देने की धमकी भी दी. घटना के समय दुकान में कर्मचारी, ग्राहक, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
दुकानदार ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. संबंधित व्यक्ति के यूपीआई ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और अन्य विवरण भी उपलब्ध हैं. शिकायत में आरोपी की पहचान शेरघाटी के कृष्णापुरी निवासी सुनील कुमार के रूप में की गई है.
शेरघाटी थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: गया के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वाॅयड और पुलिस टीम ने की जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










