गया जी : खिजरसराय में बाइक टकराने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गांवों में झड़प के बाद कई घायल

Updated:
विज्ञापन

पुलिस जांच में जुटी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

खिजरसराय थाना क्षेत्र में बाइक की मामूली भिड़ंत के बाद दो गांवों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक को मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

गया जी के खिजरसराय थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर और डमरबिगहा गांव के बीच बाइक टकराने से शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में रामप्रवेश यादव, अशोक यादव और नीरज यादव घायल हो गये.

विज्ञापन

इनमें अशोक यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया.

बाइक टकराने से शुरू हुई कहासुनी, आमने-सामने आए दोनों पक्ष

जानकारी के अनुसार, शाहबाजपुर निवासी सचिन कुमार और डमरबिगहा निवासी रामप्रवेश यादव की बाइक आपस में टकरा गई. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गयी. इस घटना में दोनों पक्षों के लोग भी आमने-सामने आ गये. रामप्रवेश यादव ने खिजरसराय थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

वहीं शाहबाजपुर गांव के लोगों का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद डमरबिगहा गांव से दो दर्जन से अधिक लोग सचिन कुमार के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया. इसकी सूचना मिलते ही दोनों गांवों के लोग जुट गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस मामले में शाहबाजपुर की ओर से गुड्डी देवी ने भी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

खेत में जोताई कर रहे व्यक्ति पर भी हमला, रेफर

आरोप है कि विवाद यहीं नहीं थमा. बाद में डमरबिगहा गांव में खेत जोत रहे शाहबाजपुर निवासी टूनटून सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये.

उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिजरसराय में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि इस अंतिम घटना को लेकर समाचार लिखे जाने तक थाना में अलग से आवेदन नहीं दिया गया था.

गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव बना हुआ है. प्रभारी थानाध्यक्ष गिरिधर उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है.

वहीं डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है तथा दोषी पाये जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी.

Also Read : नालंदा : 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही-लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे CM सम्राट चौधरी, सुधा कैफेटेरिया की भी होगी शुरुआत


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन