लालू यादव परिवार पर ED का शिकंजा, पीला लिफाफा लेकर राबड़ी आवास पहुंचे ED अधिकारी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Jan 2024 4:28 PM
ईडी की टीम दोबारा समन तामील कराने के लिए राबड़ी आवास पहुंची थी. समन देने के बाद ईडी वापस चली गई.
बिहार में सियासी घमासान के बीच एक बार फिर से लालू यादव की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है. शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के एक अधिकारी लालू प्रसाद यादव के आवास पर पहुंचे. अधिकारी कुछ कागजात लेकर लालू आवास के अंदर गए हैं. बताया जा रहा है कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को ईडी अपने पटना कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने को लेकर समन देने पहुंची थी. समन देने के बाद ईडी वापस चली गई. यह समन रेलवे में जमीन के बदले नौकरी के मामले से जुड़ा हुआ है. बता दें कि लालू यादव फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास में रहते हैं.
अधिकारी ने हाथों -हाथ दिया नोटिस
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय के एक अधिकारी राबड़ी आवास पहुंचे. जहां उन्होंने लालू परिवार को एक पीले लिफाफे में हाथों -हाथ नोटिस थमाया है. बताया जा रहा है कि लालू यादव और तेजस्वी यादव को ईडी के दफ्तर में पेश होने के लिए समन भेजा है. सूत्रों के अनुसार लालू यादव को 29 जनवरी को पेश होने के लिए कहा गया है, वहीं तेजस्वी को 30 जनवरी को बुलाया गया है. दोनों इस मामले में जारी किए गए पूर्व समन पर पेश नहीं हुए थे.
18 जनवरी को मामले में हुई थी सुनवाई
बता दें कि इससे पहले 18 जनवरी को नई दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले में सुनवाई हुई. इसके बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया. ईडी ने नौकरी के बदले जमीन मामले को मनी लांड्रिंग से जोड़ा है. इस मामले में ईडी ने गिरफ्तार अमित कात्याल के खिलाफ भी आरोप पत्र दायर किया है.
इन लोगों को बनाया गया आरोपी
ईडी ने इस मामले में दायर पहली चार्जशीट में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव आदि के नाम को शामिल किया है. इसके अलावा अमित कात्यालय, हृदयानंद चौधरी और दो कंपनियां एके इंफोसिस्टम व एबी एक्सपोर्ट को भी आरोपी बनाया गया है. अब इस मामले की सुनवाई 20 जनवरी को की जायेगी.
15 साल पुराना है मामला
करीब 15 साल पहले 2004-2009 के बीच लालू प्रसाद के रेल मंत्री के कार्यकाल के दौरान रेलवे की ग्रुप डी में नौकरी के बदले जमीन मामले से जुड़ा है. इसी मामले में ईडी ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से पूछताछ की थी.
नौ जनवरी को दायर किया था आरोप पत्र
ईडी ने इस मामले में नौ जनवरी को नयी दिल्ली के राउज ऐवेन्यू कोर्ट में अपना पहला आरोपपत्र दाखिल किया था. आरोप पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनकी सांसद बेटी मीसा भारती तथा दूसरी बेटी हेमा यादव के भी नाम शामिल हैं. आरोप पत्र को लेकर गुरुवार को सुनवाई हुई. सूत्रों के अनुसार दिल्ली में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अदालत में कुल सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है.
Also Read: नीतीश कुमार से सीएम हाउस जाकर मिले लालू यादव और तेजस्वी, जानिए तीनों के बीच क्या हुई बातचीत..
Also Read: नौकरी के बदले जमीन मामले में मीसा भारती की हुई सुनवाई, कोर्ट ने सुरक्षित रखा आदेश, जानिए कब आएगा फैसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










