रन फॉर नेशन मैराथन में दौड़े सैकड़ों युवा, फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश

Updated:
विज्ञापन

धावकों को झंडी दिखाते कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय व अन्य

रविवार को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 'रन फॉर नेशन मैराथन' का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना था. इस मैराथन में सैकड़ों छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

विज्ञापन

Run For Nation Marathon: युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर से रन फॉर नेशन मैराथन का आयोजन किया गया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दरभंगा और खेलो भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मैराथन में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिला-पुरुष प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.

पुरुषों के लिए पांच किलोमीटर और महिलाओं के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गयी थी. कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने अन्य अतिथियों के साथ हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया. इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और खेलेगा युवा-जीतेगा भारत के नारों से परिसर गूंजता रहा.

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य भी जरूरी

कार्यक्रम में नगर विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय, अभाविप उत्तर बिहार प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार, खेलो भारत के प्रांत सह-संयोजक सत्यम झा और जिला संयोजक आदित्य कुमार ने युवाओं को फिटनेस का संदेश दिया.

संजय सरावगी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर समाज और राष्ट्र को नई गति दी जा सकती है. उन्होंने खेल और कैरियर विकास पर जोर देते हुए मेडल लाओ-नौकरी पाओ जैसी सरकारी योजनाओं का भी जिक्र किया.

कुलपति प्रो. पांडेय ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी जरूरी है. वहीं पुरुषोत्तम कुमार ने युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया. सत्यम झा ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का माध्यम है.

विजेताओं को साइकिल और स्मार्ट वॉच से किया सम्मानित

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पेयजल, ओआरएस, मेडिकल टीम, स्वयंसेवक और पुलिस बल की व्यवस्था की गयी थी.

दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. दोनों वर्गों के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को साइकिल, दूसरे स्थान के प्रतिभागियों को स्मार्ट वॉच और स्मार्ट बोतल तथा तीसरे स्थान वालों को स्पोर्ट्स शूज दिये गये. इसके अलावा टॉप 50 महिला और पुरुष प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

आयोजन को सफल बनाने में राहुल सिंह, मनोज मिश्रा, आदित्य कुमार, मुकेश कुमार, अनुराग कुमार, अभिषेक, आदर्श आनंद, मोहन पटेल, भाव्या भारती, खुशबू, रिया, मनीषा और कौशल समेत अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा. मंच संचालन हरिओम झा ने किया.

यह भी पढ़ें: कोसी नदी में डूबे 12 वर्षीय गौतम का दो दिन बाद मिला शव


विज्ञापन
Satish Kumar

लेखक के बारे में

By Satish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन