दरभंगा में महिला की संदिग्ध मौत, रातोंरात अंतिम संस्कार, पुलिस को श्मशान में मिली सिर्फ राख

Updated:
विज्ञापन
Police investigating a suspicious death case of a woman in Darbhanga's Singhwara area.

मृतका का फाइल फोटो

दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस को श्मशान में केवल चिता की राख मिली. मामले में पति और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पढें पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा के सिंहवाड़ा से अजय यादव की रिपोर्ट

Darbhanga News: थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड संख्या-15 में सोमवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान अजय चौपाल की 26 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

श्मशान पहुंची पुलिस को मिली सिर्फ राख

घटना की जानकारी मिलने पर सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पुलिस श्मशान घाट भी पहुंची, लेकिन वहां केवल चिता की राख मिली. बताया गया कि महिला का अंतिम संस्कार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात में ही कर दिया गया था.

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति अजय चौपाल और सास सोनी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

बेटी ने बताई झगड़े की बात

मृतका की 9 वर्षीय बेटी रौशनी कुमारी ने बताया कि सोमवार शाम उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद उसकी मां ने कथित रूप से जहर खा लिया और ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार कर लिया. परिजनों ने उसे इलाज के लिए शिवदाहा स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई. इसके बाद रात में ही जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया.

तीन बच्चों की मां थी संगीता

संगीता देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं. परिवार में 9 वर्षीय बेटी रौशनी कुमारी, 8 वर्षीय पुत्र रौशन और 7 वर्षीय पुत्र रोहन हैं.

मायके पक्ष ने नहीं की शिकायत

मृतका के मायके समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के कुसैया गांव से पहुंची उनकी बड़ी भाभी जानकी देवी ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिलने पर वे थाना पहुंची हैं.

उन्होंने कहा कि संगीता के तीन छोटे बच्चे हैं और उनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब पिता पर है. बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन